देवघर. दिन-पर-दिन तापमान गिरता जा रहा है और ठंड बढ़ती जा रही है. ठंड के दिनों में अक्सर लोगों को चटपटा खाने का मन करता है. कई लोग रेस्टोरेंट जाकर तो कई लोग अपने घरों में ही अलग-अलग देसी और चटपटा खाना बनाकर उसका स्वाद लेते हैं. अगर आप घर पर पारंपरिक बिहारी स्वाद का आनंद लेना चाहते हैं, तो लिट्टी-चोखा और चटनी से अच्छा विकल्प कोई नहीं है. गेहूं के आटे से बनी लिट्टी को मसालेदार सत्तू के मिश्रण से भरकर धीमी आंच पर सेंका जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़िया हो जाता है.
इसके साथ आलू, बैंगन और टमाटर से बना चोखा और खट्टी-मीठी चटनी जब प्लेट पर सजती है, तो खाने वाला उंगलियां चाटता रह जाता है. वहीं आज हम आपको देसी लिट्टी की रेसिपी बताने जा रहे हैं जिसे अपनाकर आप अपने घर में ही लिट्टी-चोखा का आनंद ले सकते हैं.
लिट्टी बनाने में होता है इन सामग्री का उपयोग
अगर आपको घर में लिट्टी बनानी है तो उसके लिए बाजार जाकर कुछ सामान लाना होगा. लिट्टी बनाने के लिए सबसे पहले गेहूं का आटा, सत्तू, अचार, नींबू, नमक, अजवाइन, हरी मिर्च, कलौंजी, अदरक, लहसुन की जरूरत पड़ेगी, वहीं चोखा बनाने के लिए आलू, बैंगन, टमाटर हरी धनिया, हरी मिर्च, सरसों के तेल की जरूरत पड़ेगी. इसके अलावा घी भी चाहिए होगा.
लिट्टी-चोखा बनाने की स्टेप बाय स्टेप रेसिपी जानिए
सबसे पहले लिट्टी का चोखा तैयार करेंगे. उसके लिए सबसे पहले बैंगन को अच्छे से धोकर पोंछ लें, फिर बीच में 2-3 चीरा लगा दें. इससे आपको यह पता चल जाएगा कि बैंगन अंदर से कच्चा तो नहीं है. साथ ही इससे बैंगन जल्दी पक भी जाता है. अब चीरे को थोड़ा खोलकर इसमें हरी मिर्च और लहसुन अंदर रख देंगे. यह चोखा बनाने का देसी तरीका है. अब बैंगन के ऊपर हल्का ऑयल लगा देंगे, फिर गैस पर बैंगन और टमाटर को अच्छी तरह से भून लेंगे. इन्हें पलट-पलट कर सेंकते रहें.
अब आटा गूंथ लें
अब भुने हुए बैंगन और टमाटर को ठंडा होने के लिए रख दें. इतने में लिट्टी के लिए आटा तैयार कर लें. इसके लिए एक परात में 2 कप गेहूं का आटा, आधा छोटा चम्मच नमक और 2 छोटे चम्मच घी डालें. घी डालने से लिट्टी खस्ता बनेगी. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर टाइट आटा तैयार कर लें. जब आटा एकदम टाइट हो जाए, तो इसे मलमल के कपड़े से ढककर 10 मिनट सेट होने रख दें. अब जब तक आटा सेट होगा, इतने में हम सत्तू तैयार कर लेंगे.
लिट्टी का मसाला तैयार कर लें
सत्तू बनाने के लिए परात में 2 कप सत्तू, 1 चम्मच बारीक कटा हुआ लहसुन, 1 चम्मच बारीक कटा हुआ अदरक, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, आधा बारीक कटा हुआ प्याज, आधा नींबू का रस, आधा छोटा चम्मच अजवाइन, आधा छोटा चम्मच कलौंजी, 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल डालें. अब अगर आपके पास नींबू या मिर्च के अचार का मसाला है, तो आप उसे सत्तू में मिला सकते हैं, इससे स्वाद और बढ़िया हो जाएगा. अब ऊपर से स्वादानुसार नमक डाल दें. सारी सामग्री डालने के बाद इसे हाथों से अच्छे से मैश कर लें.
लिट्टी को सेकने के लिए गोबर के उपले तैयार करें
अब लिट्टी को सेकने के लिए ठंड के दिनों में गोबर के ढेर सारे उपले सजा कर रखें और उन्हें जलाएं. इधर लिट्टी के आटे में सत्तू का मसाला भरकर गोल-गोल रख लें. जब गोबर के उपले की आंच कम हो जाए, तो उसमें एक साथ सारी लिट्टी डालकर सेकें. धीरे-धीरे सभी लिट्टी को उलट-पलट कर पकाएं. 10 से 15 मिनट में आपकी सारी लिट्टी पककर तैयार हो जाएगी जिसे आप आलू-बैंगन चोखा के साथ खा सकते हैं. इसमें चाहे तो आप पुदीना या धनिया पत्ता की चटनी बनाकर भी खा सकते हैं.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-deoghar-litti-chokha-recipe-reveals-secret-of-traditional-taste-in-winter-local18-ws-l-9940923.html
