Til Gur Puri Recipe : सर्दियों में तिल और गुड़ का स्वाद ही अलग होता है, ऊपर से ये दोनों शरीर को गर्म रखने और इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद करते हैं. इसलिए ठंड के मौसम में कुछ मीठा खाने का मन करे तो घर पर बनी तिल-गुड़ पूरी एकदम परफेक्ट ऑप्शन है. इसकी खुशबू, कुरकुरापन और हल्की मिठास बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आती है. इसमें ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती और यह मार्केट की मिठाइयों से कहीं ज्यादा हेल्दी होती है. तो इस विंटर ट्राई करें ये स्पेशल रेसिपी, जो टेस्टी भी है और शरीर के लिए फायदेमंद भी.
तिल-गुड़ की पूरी बनाने के लिए जरूरी सामग्री-

आटा – 2 कप
पानी – जरूरत के अनुसार
गुड़ – 1 कप (कद्दूकस किया हुआ)
तिल – 3 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
घी या तेल – जरूरत के अनुसार
स्टेप-बाय-स्टेप तिल-गुड़ की पूरी बनाने की विधि-
आटे की बेस तैयार करें
सबसे पहले एक बर्तन में आटा लें. अब इसमें तिल और इलायची पाउडर मिलाएं. इसके बाद 2 चम्मच घी या तेल डालें और हाथों की मदद से आटे में अच्छी तरह मिला दें. इस स्टेप से आटा मुलायम और हल्का सा मोयन वाला बनता है.
गुड़ का घोल तैयार करें
अब एक पैन या छोटे बर्तन में पानी डालें और इसे हल्का गर्म करें. इसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें और धीमी आंच पर पकाएं. ध्यान रखें, पानी उबले नहीं, बस गुड़ पूरी तरह घुल जाए. जब गुड़ घुल जाए तब गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इस घोल को छान लें, ताकि कोई गंदगी या कण न रह जाए.
आटा गूंथें
अब इस गुड़ वाले घोल को धीरे-धीरे आटे में डालते जाएं और मुलायम आटा गूंथ लें. गुड़ का घोल मीठा होता है, इसलिए आटा थोड़ा चिपचिपा हो सकता है, लेकिन थोड़ा घी लगाकर इसे आसानी से सेट किया जा सकता है. आटा तैयार होने के बाद इसे ढककर 15 मिनट के लिए रख दें. इससे आटा सेट होकर पूरी बेलने के लिए परफेक्ट बन जाता है.
पूरी बेलें
अब आटे से छोटी-छोटी लोइयां बना लें. हर लोई को हाथ से गोल करें और बेलन की मदद से गोल पूरी बेलें. ध्यान रखें कि पूरी बहुत पतली न हो, वरना तलते समय टूट सकती है.
पूरी तलें
कड़ाही में पर्याप्त तेल या घी गर्म करें. तेल गर्म होने पर एक-एक करके पूरी डालें. यह फूलते हुए सुनहरी हो जाए, तभी बाहर निकालें. दोनों तरफ से अच्छी तरह तल लेना ज़रूरी है ताकि पूरी कुरकुरी और स्वादिष्ट बने.
इस तरह आसान स्टेप्स में आपकी तिल-गुड़ की मीठी पूरी तैयार है. इसे नाश्ते में, स्नैक के तौर पर या त्योहारों पर भी बनाया जा सकता है. यह हेल्दी भी है, स्वादिष्ट भी. सर्दियों के लिए है एकदम परफेक्ट!
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-how-to-make-til-gur-puri-at-home-step-by-step-winter-special-healthy-sweet-sesame-jaggery-recipe-ws-el-9899900.html