सेब का सिरका यानी एप्पल साइडर विनेगर (Apple Cider Vinegar) आजकल सेहत के नाम पर रोजाना पीने का ट्रेंड बन चुका है. वजन घटाने से लेकर पाचन सुधारने और शुगर कंट्रोल तक, इसके कई फायदे बताए जाते हैं. लेकिन सच यह है कि हर दिन एप्पल साइडर विनेगर पीना जितना फायदेमंद माना जाता है, उतना ही इसके कुछ गंभीर साइड इफेक्ट्स भी हो सकते हैं. खासतौर पर तब, जब इसे सही तरीके से या बिना किसी सलाह के लंबे समय तक लिया जाए.
हेल्थलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे आम और नजरअंदाज किया जाने वाला नुकसान दांतों पर पड़ता है. एप्पल साइडर विनेगर बहुत ज्यादा एसिडिक होता है. रोजाना इसे पीने से दांतों की ऊपरी परत यानी एनामेल धीरे-धीरे घिसने लगती है. इससे दांतों में झनझनाहट, पीलापन और कैविटी का खतरा बढ़ जाता है. कई लोग इसे बिना पानी मिलाए पी लेते हैं या धीरे-धीरे घूंट-घूंट करके पीते हैं, जिससे दांतों को नुकसान और ज्यादा होता है. एक बार एनामेल खराब हो जाए, तो वह दोबारा ठीक नहीं हो सकता.
रोज एप्पल साइडर विनेगर पीने से पेट और गले से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं. जिन लोगों को एसिडिटी, गैस, सीने में जलन या अल्सर की शिकायत रहती है, उनके लिए यह सिरका परेशानी बढ़ा सकता है. इसका तेज एसिड पेट की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे मतली, उल्टी जैसा महसूस होना या गले में जलन हो सकती है. कुछ मामलों में यह एसिड रिफ्लक्स यानी GERD की समस्या को भी गंभीर बना देता है, जिससे बार-बार खट्टी डकार और सीने में जलन होने लगती है.
एक और बड़ा खतरा शरीर में पोटैशियम के स्तर से जुड़ा है. लंबे समय तक रोजाना एप्पल साइडर विनेगर पीने से शरीर में पोटैशियम की कमी हो सकती है. पोटैशियम की कमी से मांसपेशियों में कमजोरी, ऐंठन, थकान और दिल की धड़कन अनियमित होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. जो लोग पहले से डाययूरेटिक दवाएं, ब्लड प्रेशर या दिल की दवाएं लेते हैं, उनके लिए यह जोखिम और ज्यादा बढ़ जाता है.
ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर पर इसका असर भी हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं होता. हालांकि कुछ रिसर्च में कहा गया है कि एप्पल साइडर विनेगर ब्लड शुगर को कम करने में मदद कर सकता है, लेकिन रोजाना सेवन से शुगर जरूरत से ज्यादा गिर सकती है. खासकर डायबिटीज के मरीज जो इंसुलिन या दूसरी दवाएं लेते हैं, उन्हें चक्कर आना, कमजोरी या पसीना आने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. इसी तरह, ब्लड प्रेशर की दवा लेने वालों में यह लो बीपी की समस्या पैदा कर सकता है.
लंबे समय तक ज्यादा मात्रा में एप्पल साइडर विनेगर लेने से हड्डियों पर भी असर पड़ सकता है. ज्यादा एसिड शरीर में कैल्शियम के संतुलन को बिगाड़ सकता है, जिससे हड्डियां कमजोर होने का खतरा रहता है. इसके अलावा, गलत तरीके से पीने पर गले में जलन, छाले और त्वचा में एलर्जी जैसी समस्याएं भी सामने आ चुकी हैं.
एप्पल साइडर विनेगर को रोजाना पीना हर किसी के लिए सही नहीं है. यह कोई जादुई उपाय नहीं है, बल्कि सीमित मात्रा और सही तरीके से लेने पर ही सुरक्षित माना जा सकता है. अगर आप इसे रोजाना अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहते हैं, तो पहले अपनी सेहत और दवाओं को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-side-effects-and-risks-of-daily-apple-cider-vinegar-consumption-ws-ekl-10126751.html
