Home Travel क्या आप जानते हैं तेलंगाना में भी है जयपुर? ऊर्जा का कहलाता...

क्या आप जानते हैं तेलंगाना में भी है जयपुर? ऊर्जा का कहलाता है पावर हाउस, प्रकृति का दिखता है अद्भुत नजारा

0
0


हैदराबाद. जब भी जयपुर का नाम आता है, तो दिमाग में अरावली की पहाड़ियां, गुलाबी शहर की भव्य हवेलियां और राजसी वास्तुकला घूमने लगती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दक्षिण भारत के तेलंगाना राज्य में भी एक जयपुर बसा है? मंचेरियल जिले में स्थित यह जयपुर भले ही राजसी ठाठ-बाट के लिए मशहूर न हो, लेकिन अपनी औद्योगिक ताकत और प्राकृतिक सुंदरता के कारण इसे क्षेत्र का पावर हाउस कहा जाता है. हैदराबाद से करीब 245 किलोमीटर दूर स्थित जयपुर अपनी विशाल बिजली परियोजनाओं के लिए जाना जाता है.

यहां सिंगरेनी थर्मल पावर प्लांट (STPP) मौजूद है, जिसकी उत्पादन क्षमता 1200 मेगावाट है. यह संयंत्र तेलंगाना की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाता है. इसके अलावा यह इलाका कोयला खदानों से घिरा हुआ है. जहां राजस्थान का जयपुर हस्तशिल्प और पर्यटन के लिए पहचाना जाता है, वहीं तेलंगाना का जयपुर ‘ब्लैक डायमंड’ यानी कोयला संपदा और मजबूत औद्योगिक ढांचे के कारण अपनी अलग पहचान बना रहा है.

नदियों और जंगलों की गोद में बसा है शहर

प्राकृतिक दृष्टि से भी यह क्षेत्र बेहद समृद्ध है. प्राणहिता और गोदावरी नदियों के बेसिन में बसे होने के कारण यहां की भूमि उपजाऊ है और चारों ओर हरियाली फैली हुई है. कवल वन्यजीव अभयारण्य के नजदीक होने से यहां के जंगल जैव विविधता से भरपूर है. मानसून के दौरान यह इलाका किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लगता, जो इसे प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए खास बनाता है.

इतिहास और संस्कृति की दिखती है अनोखी झलक

सिर्फ उद्योग ही नहीं, बल्कि इस क्षेत्र का ऐतिहासिक महत्व भी कम नहीं है. जयपुर मंडल के आस-पास कई प्राचीन मंदिर और पुरातात्विक स्थल मौजूद हैं, जो काकतीय वंश के शासनकाल की झलक दिखाते हैं. यहां की स्थानीय संस्कृति पर तेलुगु परंपराओं का गहरा प्रभाव है, जो राजस्थान की मारवाड़ी संस्कृति से बिल्कुल अलग अनुभव प्रदान करती है.

पर्यटन के नए अवसरों की बनती जा रही है उम्मीद

अगर आप भीड़-भाड़ से दूर एक शांत और अलग तरह की रोड ट्रिप की तलाश में हैं, तो तेलंगाना का जयपुर एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यहां का शांत ग्रामीण जीवन और अत्याधुनिक औद्योगिक संयंत्रों का अनोखा संगम देखने लायक है. अब सरकार भी इस क्षेत्र में इंडस्ट्रियल टूरिज्म को बढ़ावा देने पर विचार कर रही है, ताकि लोग बिजली उत्पादन और औद्योगिक प्रक्रियाओं को नजदीक से देख सकें.


.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/travel-telangana-jaipur-power-house-singarevi-thermal-plant-coal-mines-industrial-tourism-local18-9993887.html

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here