Last Updated:
हजारीबाग मुख्यालय से 25 किमी दूर दारू प्रखंड में स्थित सेवाने नदी इन दिनों पर्यटकों का पसंदीदा पिकनिक स्पॉट बनी हुई है. घने जंगलों के बीच बहती इस नदी का प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण सर्दियों में सैलानियों को खूब आकर्षित कर रहा है. शहर के शोर से दूर यह स्थान रोमांचक रोड ट्रिप और पारिवारिक सुकून के लिए बेहतरीन विकल्प बन गया है.
हजारीबाग: हजारीबाग जिला अपने अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य के लिए पूरे राज्य में अलग पहचान रखता है. झीलें, झरने, घने जंगल, ऊंचे पहाड़ और कल-कल बहती नदियां यहां की प्रकृति को और भी मनमोहक बनाती हैं. प्रकृति ने हजारीबाग को दिल खोलकर नवाज़ा है, यही वजह है कि सर्दियों का मौसम शुरू होते ही जिले के पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने लगती है. ठंड के मौसम में लोग परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए इन शांत और हरे-भरे स्थानों का रुख करते हैं, जहां उन्हें शहर की भागदौड़ से दूर सुकून और ताजगी का अहसास होता है.
इन्हीं प्राकृतिक स्थलों में हजारीबाग जिला मुख्यालय से महज 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सेवाने नदी इन दिनों शहरी पर्यटकों की खास पसंद बनती जा रही है. जंगलों के बीच से बहती यह नदी पूरे साल पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है, लेकिन सर्दियों के मौसम में इसकी खूबसूरती और भी निखर जाती है. खासकर छुट्टियों और सप्ताह के अंत में यहां पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ देखने को मिलती है, जिससे यह इलाका गुलजार नजर आता है.
दारू प्रखंड में है स्थित
सेवाने नदी हजारीबाग के दारू प्रखंड में स्थित है. इस नदी तक पहुंचने का रास्ता भी अपने आप में एक यादगार अनुभव बन जाता है. घने जंगलों के बीच से गुजरती साफ-सुथरी सड़क एक रोमांचक रोड ट्रिप का एहसास कराती है. चारों ओर फैली हरियाली, ठंडी हवा और पक्षियों की मधुर चहचहाहट यात्रा को और भी सुखद बना देती है. जैसे ही पर्यटक नदी के करीब पहुंचते हैं, बहते पानी की कल-कल ध्वनि मन को गहरी शांति प्रदान करती है और कुछ देर के लिए रोजमर्रा की चिंताओं को भुला देती है.
नदी के आसपास बड़े-बड़े चट्टान, खुले मैदान और प्राकृतिक बैठने की जगहें मौजूद हैं, जहां पर्यटक आराम से समय बिता सकते हैं. कई लोग यहां परिवार और दोस्तों के साथ खाना बनाकर पिकनिक का आनंद लेते हैं, तो कुछ लोग धूप में बैठकर प्रकृति की सुंदरता को निहारते नजर आते हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोग यहां प्रकृति के करीब सुकून भरे पल बिताते हैं.
मन को करता तरोताजा
सर्दी में सेवाने नदी पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. पिकनिक मनाने आए पर्यटकों का कहना है कि यह स्थान हजारीबाग शहर के लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. ठंडे पानी की आवाज, बहती हवाएं और जंगलों के बीच का शांत माहौल मन को तरोताजा कर देता है. परिवार के साथ यहां बिताया गया समय लंबे समय तक यादों में बस जाता है और यही वजह है कि सेवाने नदी धीरे-धीरे हजारीबाग के प्रमुख पिकनिक स्पॉट के रूप में उभर रही है.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/travel-sevane-river-in-hazaribag-emerges-as-major-picnic-spot-in-winter-local18-ws-kl-10039303.html







