भीलवाड़ा: हिंदू धर्म में विश्वकर्मा जयंती का एक विशेष महत्व है. और यह महत्वपूर्ण त्योहार में से एक माना जाता है. सभी देवी-देवताओं में भगवान विश्वकर्मा जी का खास स्थान है. माना जाता है कि जब ब्रह्माजी ने इस सृष्टि की रचना की थी, तो इसे सजाने-संवारने का काम भगवान विश्वकर्मा को ही दिया था. विश्वकर्मा जयंती का दिन नजदीक आने वाला है और यह आने वाली 17 सितंबर को मनाया जाएगा. पौराणिक कथाओं के अनुसार भाद्रपद माह में जब सूर्य देव ने कन्या राशि में गोचर यानी प्रवेश किया था, तो उसी समय विश्वकर्मा जी का जन्म हुआ था. इसलिए हर साल सूर्य गोचर के दिन विश्वकर्मा जयंती का पर्व मनाया जाता है.
पंडित कमलेश व्यास का कहना हैं कि इस बार 16 सितंबर 2024 को शाम 07:47 मिनट पर सूर्य का कन्या राशि में प्रवेश होगा. शाम के समय विश्वकर्मा जी की पूजा नहीं की जाती है. इसलिए इस साल 17 सितंबर 2024 को विश्वकर्मा पूजा यानी विश्वकर्मा जयंती का त्योहार मनाया जाएगा.इस दिन विश्वकर्मा जी की पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 08 मिनट से लेकर दोपहर 01:43 मिनट तक है.
घर में पैसे की कमी होगी दूर करें यह उपाय
पंडित कमलेश व्यास का कहना हैं विश्वकर्मा जयंती की पूजा जोड़े में प्रात: काल करनी लाभदायक होती है.यदि आपको पैसों की कमी का सामना करना पड़ रहा है या परिवार में सुख-शांति नहीं रहती है, तो इसके लिए प्रात: काल स्नान आदि कार्य करने के बाद घर के मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की तस्वीर स्थापित करें. उनके सामने कलश रखें. उसमें जल भरें. इसके बाद देवता को अक्षत, फल, फूलों से बनी माला, चंदन, सुपारी और पीली सरसों अर्पित करें इस उपाय को यदि आप सच्चे मन से करते हैं, तो जल्द ही आपको अपनी सभी परेशानियों से छुटकारा मिल सकता है.
विश्वकर्मा जयंती के दिन भगवान की उपासना करने के बाद अपने हाथ में फूल और अक्षत लें. विश्वकर्मा जी को समर्पित मंत्रों का तीन या चार बार जाप करें. इसके बाद हाथ में मौजूद अक्षत को घर की चारों दिशाओं में छिड़क दें. घर में सकारात्मकता का वास होगा और घरवालों के स्वास्थ्य में भी सुधार होने लगेगा.
FIRST PUBLISHED : September 12, 2024, 11:31 IST
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी, राशि-धर्म और शास्त्रों के आधार पर ज्योतिषाचार्य और आचार्यों से बात करके लिखी गई है. किसी भी घटना-दुर्घटना या लाभ-हानि महज संयोग है. ज्योतिषाचार्यों की जानकारी सर्वहित में है. बताई गई किसी भी बात का Bharat.one व्यक्तिगत समर्थन नहीं करता है.
