छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर से दूर बदौरा गांव के पहाड़ में मां भद्रकाली का मंदिर बना है. जहां जाने पर आपको नीचे से लेकर ऊपर तक घंटे ही घंटे दिखाई देंगे. जानकर बताते हैं कि यहां 1 लाख से ज्यादा घंटे टंगे हैं, लेकिन जगह भर जाने की वजह से बाद में इन घंटों को निकालकर दूसरी जगह रख दिया जाता है, क्योंकि फिर से नए घंटे आ जाते हैं. यहां 1 क्विंटल से भी ज्यादा वजन के घंटे टंगे हैं.
पुजारी शिवनारायण शर्मा ने Bharat.one को बताया कि इस मंदिर में हर साल हजारों घंटे चढ़ते हैं. इतने घंटे हो जाते हैं कि यहां टांगने की जगह ही नहीं बचती है. जब घंटों की संख्या ज्यादा हो जाती है तो फिर अतिरिक्त घंटों को बेच देते हैं और इसी घंटे से फिर मंदिर का विकास कराते हैं. कुछ दिन पहले ही अतिरिक्त घंटों को बेचकर मां का सिंहासन बनवाया है. इसके अलावा और भी कार्य में मंदिर में कराए जाते हैं.
मनोकामनाएं पूरी होने पर चढ़ता है घंटा
पुजारी शिवनारायण बताते हैं कि श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं तो वह अपनी श्रद्धा से यहां घंटा चढ़ाते हैं. श्रद्धालु यहां 1 क्विंटल से भी ज्यादा वजन का घंटा चढ़ाते हैं. एक अंदाज के अनुसार, मंदिर में करीब 10 क्विंटल से ज्यादा के घंटे अब भी टंगे हैं. वहीं, श्रद्धालु रमेश त्रिपाठी ने बताया कि मेरी भी मनोकामना पूरी हुई है, इसलिए मैं भी आज माता के मंदिर में घंटा चढ़ाने आया हूं.
FIRST PUBLISHED : October 13, 2024, 11:54 IST
