Sattu Paratha Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही देसी खाने की फरमाइश शुरू हो जाती है. ऐसे में अगर आप बिहार और पूर्वी यूपी की पहचान बन चुका सत्तू पराठा खाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको गांव जाने की जरूरत नहीं, आप घर पर बड़ी आसानी से फ्लेवर से भरपूर सत्तू का पराठा बना सकते हैं और खा सकते हैं. ठंड के मौसम में यह शरीर में एनर्जी बढ़ाता है और प्रोटीन की कमी भी दूर कर सकता है. मसालेदार, खट्टा-तीखा और प्रोटीन से भरपूर ये पराठा नाश्ते, लंच या डिनर के लिए भी परफेक्ट है. इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें लगने वाली सभी सामग्री आपके घर की रसोई में आसानी से मिल जाती है. तो चलिए जानते हैं कैसे बनाएं बिहार का यह आइकॉनिक सत्तू पराठा बिल्कुल देसी स्टाइल में.
सत्तू पराठा इस तरह घर पर बनाएं-
सामग्री (Ingredients):
भरावन के लिए:
- सत्तू (भुना चना का आटा) – 1 कप
- प्याज – 1 छोटा (बारीक कटा हुआ)
- लहसुन – 1 टेबलस्पून (बारीक कटा हुआ)
- अदरक – 1 टीस्पून (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च – 4-5 (बारीक कटी हुई)
- हरा धनिया – 1 मुट्ठी (कटा हुआ)
- अजवाइन – ½ टीस्पून
- नींबू का रस – 1 टीस्पून
- सरसों का तेल – 1 टेबलस्पून
- आम के अचार का मसाला – 1 टेबलस्पून
- नमक – स्वादानुसार
आटे के लिए:
- गेहूं का आटा – 2 कप
- अजवाइन – 1 टीस्पून
- कलौंजी – ½ टीस्पून
- नमक – एक चुटकी
- पानी – जरूरत अनुसार
रेसिपी स्टेप बाय स्टेप:

स्टेप 1: आटा गूंधें
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. उसमें अजवाइन, कलौंजी और एक चुटकी नमक डालें. धीरे-धीरे पानी मिलाकर मुलायम आटा गूंध लें. गीले कपड़े से ढककर 10-15 मिनट के लिए रख दें ताकि आटा सेट हो जाए.
स्टेप 2: सत्तू की भरावन तैयार करें
एक बाउल में सत्तू लें. इसमें बारीक कटे प्याज, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, हरा धनिया, अजवाइन, सरसों का तेल, नींबू का रस, अचार का मसाला और नमक डालें. सारी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें ताकि भरावन एकसार हो जाए. अगर मिश्रण थोड़ा सूखा लगे, तो कुछ बूंदें पानी या तेल डाल सकते हैं.
स्टेप 3: पराठा बेलें और भरें
अब आटे की एक लोई लें और बेलन से छोटा सा गोल आकार बेलें. इसमें सत्तू की भरावन रखें और चारों ओर से किनारे बंद कर दें. अब इसे हल्के हाथों से बेलकर पराठा बना लें. ध्यान रखें कि भरावन बाहर न निकले.
स्टेप 4: तवा पर सेंकें
गरम तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें. फिर उस पर थोड़ा-थोड़ा तेल या घी लगाएं और तब तक सेंकें जब तक पराठा कुरकुरा और सुनहरा न हो जाए.
स्टेप 5: सर्व करें देसी अंदाज़ में
गरमागरम सत्तू पराठा को दही, प्याज के सलाद या हरे मिर्च के अचार के साथ सर्व करें. चाहे नाश्ता हो या लंच बॉक्स, यह देसी डिश हर मौके को खास बना देती है.
टिप्स:
- भरावन में सरसों का तेल डालने से इसका असली बिहारी फ्लेवर आता है.
- आप चाहें तो थोड़ी सी लाल मिर्च पाउडर भी मिला सकते हैं.
- बच्चों के लिए कम मिर्च डालें और घी के साथ सर्व करें.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-make-bihari-style-sattu-paratha-in-for-winter-breakfast-spicy-and-healthy-desi-recipe-with-mustard-oil-flavor-follow-steps-ws-eln-9809840.html