Makhana Rabri Recipe : होली के दिन घर में मेहमानों का तांता लगा रहता है और मेजबान का आधा समय किचन में ही बीत जाता है. होली पर गुजिया, मालपुआ और ठंडाई तो बनती ही है, लेकिन अगर आप इस बार कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो शाही हो, सेहतमंद हो और सबसे महत्वपूर्ण कम समय में तैयार होने वाली चीज तो ‘मखाना रबड़ी’ आपके लिए परफेक्ट रेसिपी होगा.
सेहत की बात करें तो मखाना एक सुपरफूड है, जिसमें कैल्शियम और प्रोटीन भरपूर होता है. इसमें इस्तेमाल होने वाली रबड़ी न केवल खाने में स्वादिष्ट और दानेदार होती है, बल्कि यह पारंपरिक रबड़ी की तुलना में बहुत जल्दी गाढ़ी हो जाती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का हलवाई स्टाइल तरीका.
मखाना रबड़ी बनाने की विधि
जरूरी सामग्री (Ingredients List)-
दूध: 1 लीटर फुल क्रीम (बेहतर बनावट के लिए).
मखाना: 2 कप (ताजा और कुरकुरा).
देसी घी: 1 बड़ा चम्मच.
मिठास: 4-5 बड़े चम्मच चीनी (स्वादानुसार).
खुशबू के लिए: आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर.
ड्राय फ्रूट्स: 2 बड़े चम्मच बारीक कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता.
शाही टच: 7-8 केसर के धागे (गर्म दूध में भिगोए हुए).
मखाना रबड़ी बनाने की विधि:
स्टेप 1: सबसे पहले एक कड़ाही में देसी घी गर्म करें. इसमें 2 कप मखाने डालें और धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक भूनें. मखाने तब तक भूनें जब तक वे पूरी तरह कुरकुरे न हो जाएं. भुने हुए मखानों को एक प्लेट में निकाल कर ठंडा होने दें.
स्टेप 2: यहीं पर वो ट्रिक काम आती है जो रबड़ी को मिनटों में गाढ़ा करती है. भुने हुए मखानों को दो हिस्सों में बांट लें. आधे मखानों को मिक्सी में पीसकर बारीक पाउडर बना लें और बाकी बचे आधे मखानों को बेलन की मदद से हल्का दरदरा कूट लें. पाउडर दूध को गाढ़ा करेगा और दरदरे टुकड़े रबड़ी को दानेदार बनाएंगे.
स्टेप 3: कड़ाही में 1 लीटर फुल क्रीम दूध डालें. तेज आंच पर एक उबाल आने दें, फिर आंच धीमी कर दें. इसे 8-10 मिनट तक पकने दें. कड़ाही के किनारों पर जमने वाली मलाई को चम्मच से खुरचकर दूध में ही मिलाते रहें.
स्टेप 4: जब दूध थोड़ा पक जाए, तो इसमें तैयार किया हुआ मखाना पाउडर और कुटे हुए मखाने डाल दें. मखाना पाउडर डालते ही दूध तेजी से गाढ़ा होने लगेगा. अब इसमें कटे हुए मेवे (काजू, बादाम, पिस्ता) और केसर वाला दूध मिला दें.
स्टेप 5: अंत में चीनी और इलायची पाउडर डालें. चीनी घुलने के बाद इसे सिर्फ 2-3 मिनट और पकाएं. ध्यान रहे कि रबड़ी ठंडी होने के बाद और अधिक गाढ़ी हो जाती है, इसलिए इसे बहुत ज्यादा न सुखाएं.
टिप- आप इस शाही मखाना रबड़ी को गरमा-गरम भी परोस सकते हैं, लेकिन होली की दोपहर में इसका असली मजा फ्रिज में ठंडा करके आता है. ऊपर से गुलाब की कुछ पंखुड़ियों से सजाकर इसे पेश करें.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-holi-special-makhana-rabri-recipe-at-home-healthy-and-quick-dessert-ideas-for-festival-party-with-fox-nuts-steps-hindi-ws-ln-10238380.html
