Last Updated:
Recipe: सर्दियों में ताजी फूलगोभी के पराठे लोकप्रिय हैं, लेकिन अक्सर कच्चापन और भरावन से पानी छूटने के कारण ये फट जाते हैं. बेहतरीन स्वाद के लिए कद्दूकस की हुई गोभी को सही तरीके से मसालों के साथ तैयार करना जरूरी है, ताकि वह पानी न छोड़े और पराठा सॉफ्ट व स्वादिष्ट बने.
सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजी, सफेद और कसकर खिली हुई फूलगोभी आसानी से मिलने लगती है. ठंड के दिनों में फूलगोभी न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद मानी जाती है. आमतौर पर लोग इससे सब्जी, मंचूरियन या पकौड़े बनाते हैं, लेकिन फूलगोभी का पराठा सर्दियों के नाश्ते और डिनर के लिए एक परफेक्ट विकल्प है, जो पेट भी भरता है और स्वाद भी लाजवाब देता है.
काफी लोग फूलगोभी का पराठा बनाना तो चाहते हैं, लेकिन सही तरीका न पता होने के कारण पराठा वैसा नहीं बन पाता. अक्सर लोग कच्ची कद्दूकस की हुई फूलगोभी में मसाले मिलाकर सीधा भरावन बना लेते हैं, जिससे पराठा सेंकते समय गोभी कच्ची रह जाती है और पानी छोड़ने लगती है. इसी वजह से पराठा फट जाता है और स्वाद भी ठीक नहीं आता. ऐसे में थोड़ी सी समझदारी और सही रेसिपी से आप होटल जैसा पराठा घर पर बना सकते हैं.
इस खास रेसिपी को बता रही हैं गृहणी मनीषा सिंह, जिनकी रसोई से निकलने वाले पराठे घरवालों के साथ-साथ मेहमानों को भी खूब पसंद आते हैं. उनका कहना है कि फूलगोभी के पराठे का असली स्वाद तभी आता है, जब स्टफिंग को हल्का सा भून लिया जाए. इससे न सिर्फ गोभी पूरी तरह पक जाती है, बल्कि मसालों का स्वाद भी अच्छे से उसमें समा जाता है.
Add Bharat.one as
Preferred Source on Google
सबसे पहले पराठे के लिए आटा गूंथना जरूरी है. इसके लिए एक परात में गेहूं का आटा लें, उसमें स्वादानुसार नमक और दो छोटे चम्मच तेल डालें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ढीला. आटा गूंथने के बाद उसे ढककर 15 से 20 मिनट के लिए रख दें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए और पराठे बेलने में आसानी हो.
अब बारी आती है पराठे की खास स्टफिंग की. फूलगोभी को साफ करके छोटे टुकड़ों में काट लें और मिक्सी में हल्का सा कद्दूकस कर लें. कड़ाही में दो छोटे चम्मच तेल डालें और उसमें जीरा चटकाएं. इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया अदरक और धनिया पाउडर डालकर हल्का भूनें. अब इसमें कद्दूकस की हुई फूलगोभी डालें और मध्यम आंच पर दो-तीन मिनट तक चलाते हुए भूनें.
अंत में इसमें बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर एक-दो मिनट और भूनें. अब गैस बंद कर दें और स्टफिंग को पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा करना जरूरी है, ताकि भरावन पराठा बेलते समय बाहर न निकले. जब मसाला ठंडा हो जाए, तब आटे की मध्यम आकार की लोई बनाएं और उसमें हल्का सा गड्ढा करके गोभी का तैयार मसाला भर दें.
लोई को चारों तरफ से अच्छी तरह बंद करें और हल्के हाथ से बेल लें. चाहें तो पहले रोटी बेलकर बीच में स्टफिंग रखकर भी पराठा बना सकते हैं. अब गरम तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ से पलट-पलट कर सेंकें.पराठे पर थोड़ा-थोड़ा तेल या घी लगाएं और उसे गोल्डन ब्राउन होने तक सेंक लें. इससे पराठा कुरकुरा और खुशबूदार बनता है.
तैयार फूलगोभी के पराठे स्वाद में इतने लाजवाब होते हैं कि हर कोई उंगलियां चाटता रह जाता है. इन्हें आप दही, हरी धनिया की चटनी, टमाटर सॉस, अचार या आलू-टमाटर की सब्जी के साथ परोस सकते हैं. सर्दियों में गरमा-गरम फूलगोभी पराठा न सिर्फ पेट भरता है, बल्कि पूरे परिवार के चेहरे पर मुस्कान भी ले आता है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-hotel-style-phoolgobhi-paratha-winter-special-dish-local18-ws-l-10121108.html
