Home Remedies for Acidity: अधिकतर लोग रोज जंक फूड खाना पसंद करते हैं. अब यह लोगों की डेली डाइट का हिस्सा बन चुका है. हेल्थ एक्सपर्ट्स जंक फूड को सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक मानते हैं, लेकिन फिर भी लोग जमकर खाते हैं. पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज, समोसे और ज्यादा तेल-मसाले वाले फूड्स स्वाद में तो अच्छे लगते हैं, लेकिन ये पेट की सेहत के लिए दुश्मन साबित होते हैं. इन फूड्स में मौजूद सैचुरेटेड फैट और तीखे मसाले पेट में एसिड के उत्पादन को असामान्य रूप से बढ़ा देते हैं, जिससे सीने में जलन, खट्टी डकारें और पेट में भारीपन महसूस होने लगता है. इसे सामान्य भाषा में एसिडिटी कहा जाता है. अगर आप भी एसिडिटी की समस्या से जूझ रहे हैं, तो कुछ घरेलू नुस्खे आपको इससे तुरंत राहत दिला सकते हैं.
गाजियाबाद के रंजना न्यूट्रीग्लो क्लीनिक की फाउंडर और सीनियर डाइटिशियन रंजना सिंह ने Bharat.one को बताया कि एसिडिटी होने पर ठंडा दूध पीना सबसे पुराना और असरदार नुस्खा है. दूध में कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है, जो पेट में एक्स्ट्रा एसिड को अवशोषित करने में मदद करता है. इसके अलावा दूध का ठंडा तापमान पेट की जलन को शांत करता है और एसोफेगस को आराम देता है. एसिडिटी में सादा ठंडा दूध पिएं, उसमें चीनी या कोई फ्लेवर मिलाने से बचें. एक गिलास ठंडा दूध घूंट-घूंट करके पीने से आपको कुछ ही मिनटों में आराम महसूस होने लगेगा.
डाइटिशियन ने बताया कि अक्सर लंच या डिनर के बाद कई लोग सौंफ खाना पसंद करते हैं. अगर आप एसिडिटी से परेशान हैं, तो सौंफ फायदेमंद हो सकती है. सौंफ में एनेथोल नामक यौगिक होता है, जो पेट में गैस और सूजन को कम करने में मदद करता है. जंक फूड खाने के बाद अगर भारीपन महसूस हो, तो एक चम्मच सौंफ को धीरे-धीरे चबाकर खाएं या इसे पानी में उबालकर छान लें और गुनगुना पिएं. यह प्राकृतिक माउथ फ्रेशनर होने के साथ-साथ एक बेहतरीन एंटी-अल्सर एजेंट भी है.
आपको जानकर हैरानी होगी कि केला एक ऐसा फल है, जो नेचुरल एंटासिड का काम करता है. एक्सपर्ट ने बताया कि केला खाने से एसिडिटी से राहत मिल सकती है. यह पोटेशियम का अच्छा सोर्स है. जब हम जंक फूड जैसा अम्लीय भोजन करते हैं, तो केला पेट की अंदरूनी परत पर एक सुरक्षात्मक लेप बना देता है, जिससे एसिड का प्रभाव कम हो जाता है. पका हुआ केला खाने से पेट का पीएच स्तर संतुलित रहता है और जलन से तत्काल राहत मिलती है. यह पेट को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ कब्ज की समस्या को भी दूर करने में सहायक माना जाता है.
डाइटिशियन रंजना के अनुसार अदरक अपने एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों के लिए जाना जाता है, जो पेट की एसिडिटी को बेअसर करने की क्षमता रखता है. अगर जंक फूड की वजह से सीने में जलन हो रही है, तो अदरक का एक छोटा टुकड़ा मुंह में रखकर उसका रस चूसें या बिना दूध वाली अदरक की चाय पिएं. अदरक पाचन एंजाइमों को सक्रिय करता है, जिससे पेट में जमा भारी भोजन जल्दी पचता है और एसिड वापस नली की ओर नहीं आता. यह जी मिचलाने की समस्या में भी रामबाण होता है.
अजवाइन और काला नमक भी एसिडिटी से राहत दिला सकता है. अजवाइन का उपयोग सदियों से पेट की समस्याओं के लिए किया जाता रहा है. अजवाइन में थायमोल नामक तत्व होता है, जो पाचन रस को बढ़ावा देता है. अगर जंक फूड खाने के बाद पेट फूल गया है या एसिडिटी हो गई है, तो आधा चम्मच अजवाइन में एक चुटकी काला नमक मिलाकर गुनगुने पानी के साथ लें. यह नुस्खा पेट की मरोड़ और गैस को तुरंत बाहर निकालने में मदद करता है. यह एसिडिटी से इंस्टेंट रिलीफ दिलाता है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-suffering-from-acidity-after-eating-junk-food-dietitian-reveals-5-home-remedies-for-instant-relief-10235523.html
