Jaggery Health Benefits: सर्दियों का मौसम आते ही लोग गुड़ का सेवन करने लगते हैं. माना जाता है कि सर्दियों में चीनी के बजाय गुड़ खाना शरीर के लिए बेहद लाभकारी होता है और इससे सेहत को कई गजब के फायदे मिल सकते हैं. गुड़ स्वाद में मीठा होता है और इसमें बहुत से पोषक तत्व होते हैं. इसका सेवन करने से सर्दियों में शरीर को गर्मी मिल सकती है और मौसमी फ्लू से भी बचाव हो सकता है. गुड़ आयरन, विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स का एक अच्छा स्रोत है, जिससे शरीर को कई महत्वपूर्ण फायदे मिल सकते हैं. चलिए सर्दियों में गुड़ खाने के बड़े फायदे जान लेते हैं.
अमृतसर की न्यूट्रिशनिस्ट रिद्धि खन्ना के मुताबिक सर्दियों में शरीर को एक्स्ट्रा एनर्जी और गर्मी की जरूरत होती है और गुड़ इसका बेहतरीन स्रोत है. गुड़ के सेवन से शरीर का तापमान बढ़ता है, जिससे शरीर अंदर से गर्म रहता है. खासकर सर्दी के मौसम में गुड़ खाना न केवल स्वाद को बढ़ाता है, बल्कि यह शरीर को ठंड से बचाने में भी मदद करता है. गुड़ को ताजे अदरक के साथ खाने से इसका प्रभाव और बढ़ जाता है, जिससे ठंड में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है. गुड़ आयरन का एक बेहतरीन स्रोत है, जो शरीर में एनीमिया को दूर करने में मदद करता है.
सर्दियों में विशेष रूप से आयरन की जरूरत होती है, क्योंकि शरीर को अधिक ऊर्जा की आवश्यकता होती है. गुड़ के नियमित सेवन से खून की कमी दूर होती है और शरीर में हेमोग्लोबिन का स्तर बढ़ता है. गुड़ का सेवन ब्लड फ्लो को बेहतर बनाता है, जिससे त्वचा और शरीर के अन्य अंगों को पर्याप्त पोषण मिलता है. गुड़ में एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं. सर्दियों में आमतौर पर सर्दी, खांसी और जुकाम जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं, लेकिन गुड़ के सेवन से इनसे बचाव हो सकता है. गुड़ में विटामिन C और जिंक होते हैं, जो शरीर को संक्रमण से बचाते हैं और इम्यून सिस्टम को ताकत देते हैं. गुड़ का सेवन हल्के गर्म पानी में मिलाकर किया जाए, तो यह गले की सूजन और दर्द को भी दूर करता है.
गुड़ त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद है. इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर से हानिकारक पदार्थों को बाहर निकालने का काम करते हैं. इसके सेवन से त्वचा पर निखार आता है और चेहरे पर चमक बनी रहती है. सर्दियों में त्वचा अक्सर सूखी और बेजान हो जाती है, लेकिन गुड़ के नियमित सेवन से त्वचा हाइड्रेटेड रहती है और कोमल बनी रहती है. इसके अलावा, गुड़ में मौजूद जिंक मुहांसों और अन्य त्वचा समस्याओं को भी ठीक करने में मदद करता है. सर्दियों में गुड़ का सेवन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है. यह न केवल शरीर को अंदर से गर्म रखता है, बल्कि पाचन को सुधारने, इम्यूनिटी को बढ़ाने और त्वचा को निखारने में भी मदद करता है. सर्दियों में गुड़ का सेवन नियमित रूप से करना चाहिए ताकि आप स्वस्थ और ताजगी से भरे रहें.
यह भी पढ़ें- मशहूर यूट्यूबर ने 6 महीने में घटाया 40 किलो वजन ! बताया फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन का सीक्रेट, फोटो देख फैंस हैरान
FIRST PUBLISHED : November 19, 2024, 17:38 IST
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-surprising-benefits-of-consuming-jaggery-in-winter-season-boost-immunity-gud-khane-ke-fayde-8844903.html
