Last Updated:
Kuber Dev Temple Almora: कुबेर देव के मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पीले वस्त्र में चांदी का सिक्का दिया जाता है, जिसे अपने पास रखना होता है. ऐसा माना जाता है कि यह सिक्का आपके आर्थिक मार्ग खोलता है.
जागेश्वर धाम आने वाले भक्त कुबेर देव के दर्शन जरूर करते हैं.
अल्मोड़ा. उत्तराखंड को देवों की भूमि कहा जाता है. यहां आज भी देवी-देवताओं का वास महसूस किया जाता है. वैसे तो अल्मोड़ा जिले में असंख्य मंदिर हैं, जिनकी अपनी-अपनी मान्यता है लेकिन यहां धन की वर्षा करने वाले भगवान भी विराजमान हैं. जागेश्वर धाम में कुबेर देव का मंदिर स्थापित है. भगवान कुबेर का मंदिर प्राचीनकाल का बताया जाता है. कुबेर देव लंकापति रावण के सौतेले भाई थे. माना जाता है कि व्यक्ति के जीवन में अगर भगवान कुबेर की दया दृष्टि बन जाती है, तो वह मालामाल हो जाता है. इस मंदिर की भी ऐसी ही मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु इस मंदिर में सच्चे मन से आते हैं, उनपर कुबेर भगवान की दया दृष्टि बनी रहती है. यहां कुबेर देव को खीर का भोग लगाया जाता है.
कुबेर देव के मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पीले वस्त्र में चांदी का सिक्का दिया जाता है, जिसे अपने पास रखना होता है. ऐसा माना जाता है कि यह सिक्का आपके आर्थिक मार्ग खोलता है. आचार्य लोकेश भट्ट ने Bharat.one को बताया कि यहां पर भगवान कुबेर एकमुखी शिवलिंग में विराजमान हैं. इस मंदिर में श्रद्धालु बहुत दूर-दूर से दर्शन के लिए आते हैं. ज्यादातर वो श्रद्धालु होते हैं, जिनके कारोबार में उन्नति नहीं हो रही होती है या जो कर्ज से परेशान होते हैं. यहां पर एक पीले वस्त्र में चांदी का सिक्का श्रद्धालु को दिया जाता है. श्रद्धालु उसे अपने पास रखते हैं. मान्यता है कि भगवान कुबेर उनकी धन संबंधी मनोकामना पूरी करते हैं. जब लोगों की मनोकामना पूरी हो जाती है, तो श्रद्धालु वापस आकर कुबेर देव को खीर का भोग लगाते हैं. पहले भी खीर का भोग लगाया जा सकता है. दिल्ली, यूपी, हरियाणा, मुंबई और विदेशों तक से श्रद्धालु इस मंदिर में आते हैं.
बबीता को मिला कुबेर जी का धन!
मंदिर आईं श्रद्धालु बबीता ने कहा कि वह आध्यात्मिक यात्रा पर हैं. उन्होंने जब से केदारनाथ में कदम रखा, तब से वह अलग-अलग मंदिरों में जाकर भगवानों के दर्शन कर रही हैं. मन काफी शांत हुआ है. उन्होंने सुना था कि जागेश्वर धाम में कुबेर जी का मंदिर है. वह खासतौर पर इस मंदिर में दर्शन करने आई हैं. जब वह यहां पहुंचीं, तो मंदिर के कपाट बंद थे, जिस वजह से वह काफी निराश थीं, पर जैसे ही कपाट खुले तो उनके सारे प्रश्न खत्म हो गए. मंदिर से उन्हें कुबेर भगवान का सिक्का भी मिला. प्रसाद के तौर पर सिक्का मिलने से वह बेहद खुश हैं.
Almora,Uttarakhand
January 17, 2025, 18:16 IST
अल्मोड़ा में रावण के भाई का मंदिर, बस लगा दें खीर का भोग…फिर देखें चमत्कार
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी, राशि-धर्म और शास्त्रों के आधार पर ज्योतिषाचार्य और आचार्यों से बात करके लिखी गई है. किसी भी घटना-दुर्घटना या लाभ-हानि महज संयोग है. ज्योतिषाचार्यों की जानकारी सर्वहित में है. बताई गई किसी भी बात का Bharat.one व्यक्तिगत समर्थन नहीं करता है.
