Basant Panchmi Vastu Upay: बसंत पंचमी का दिन भारतीय संस्कृति में ज्ञान, सीख और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. इस दिन मां सरस्वती की पूजा की जाती है, जिन्हें विद्या, बुद्धि और कला की देवी कहा जाता है. खासतौर पर छात्रों के लिए यह दिन बेहद खास होता है, क्योंकि मान्यता है कि बसंत पंचमी पर की गई पूजा और सही उपाय बच्चों की पढ़ाई में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं. आज के समय में बच्चों पर पढ़ाई का दबाव पहले से कहीं ज्यादा है. स्कूल, ट्यूशन, प्रतियोगी परीक्षाएं और डिजिटल डिस्ट्रैक्शन के कारण उनका मन जल्दी भटक जाता है. ऐसे में केवल मेहनत ही नहीं, बल्कि पढ़ाई का सही माहौल भी बहुत जरूरी हो जाता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, अगर स्टडी रूम की दिशा, रंग और वहां रखी चीजों पर ध्यान दिया जाए तो बच्चे की एकाग्रता बढ़ सकती है और पढ़ाई में मन लगने लगता है.
साल 2026 में बसंत पंचमी 23 जनवरी को मनाई जाएगी. इस पावन दिन पर अगर माता-पिता अपने बच्चों के स्टडी रूम में कुछ आसान से वास्तु उपाय कर दें, तो शिक्षा जीवन में आने वाली कई परेशानियों से राहत मिल सकती है. ये उपाय न तो ज्यादा खर्चीले हैं और न ही मुश्किल, बस सही तरीके से करने की जरूरत है. आइए जानते हैं भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा से बसंत पंचमी पर स्टडी रूम से जुड़े खास वास्तु उपायों के बारे में.
बसंत पंचमी पर स्टडी रूम में करें ये वास्तु उपाय
1. सरस्वती और गणेश जी की तस्वीर लगाएं
बसंत पंचमी के दिन स्टडी रूम में मां सरस्वती और भगवान गणेश की तस्वीर या छोटी प्रतिमा रखना शुभ माना जाता है. आप इन्हें स्टडी टेबल पर भी रख सकते हैं. इससे बच्चों का मन पढ़ाई की ओर ज्यादा लगता है और सीखने की क्षमता बढ़ती है.
2. स्टडी रूम के लिए सही रंग चुनें
अगर संभव हो तो बसंत पंचमी के दिन स्टडी रूम की दीवारों पर हल्का हरा रंग करवाएं. यह रंग दिमाग को शांत रखता है और सोचने की शक्ति को बेहतर बनाता है. इसके अलावा आसमानी और बादामी रंग भी अच्छे माने जाते हैं. स्टडी रूम में नीला, काला या गहरा लाल रंग लगाने से बचना चाहिए, क्योंकि ये रंग ध्यान भटकाने का काम करते हैं.
3. फालतू चीजों को स्टडी रूम से हटाएं
वास्तु के अनुसार स्टडी रूम में टीवी, वीडियो गेम्स, मोबाइल चार्जर का ढेर या रद्दी सामान नहीं रखना चाहिए. इन चीजों से बच्चों का ध्यान बार-बार भटकता है. बसंत पंचमी के दिन स्टडी रूम की अच्छे से सफाई करें और गैर जरूरी सामान बाहर कर दें.

4. पढ़ाई की टेबल सही दिशा में रखें
बच्चों की पढ़ाई की टेबल उत्तर-पूर्व दिशा में रखना सबसे अच्छा माना जाता है. इस दिशा में बैठकर पढ़ाई करने से एकाग्रता बढ़ती है और याद रखने की क्षमता मजबूत होती है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों के लिए यह दिशा खास लाभ देती है.
5. किताबों की अलमारी की सही जगह
स्टडी रूम में किताबों की अलमारी दक्षिण या पश्चिम दिशा में रखें. इससे ज्ञान में बढ़ोतरी होती है और पढ़ाई में रुकावटें कम होती हैं. ध्यान रखें कि अलमारी हमेशा व्यवस्थित रहे और किताबें बिखरी न हों.
6. टेबल लैंप की सही जगह
अगर स्टडी टेबल पर लैंप रखा जाता है, तो उसे दक्षिण-पूर्व दिशा में रखें. इस दिशा में रखा गया लैंप पढ़ाई के लिए अनुकूल माना जाता है और आंखों पर भी कम जोर पड़ता है.
7. पीले फूल करें अर्पित
बसंत पंचमी के दिन कुछ पीले फूल लेकर मां सरस्वती को स्टडी रूम में अर्पित करें. पीला रंग ज्ञान और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. ऐसा करने से बच्चों पर मां सरस्वती की कृपा बनी रहती है.