Last Updated:
Christmas celebration In Kodarma 2025: कैथलिक आश्रम ख्रीस्त राजा चर्च, लक्खीबागी कोडरमा में ख्रीस्त जयंती पर रात्रि 11 बजे से भव्य मिसा पूजा हुई. फादर पातृक मिंज ने प्रेम-शांति का संदेश दिया. नवजातों का पवित्र स्नान, आकर्षक चरनी, सामूहिक नृत्य, सेल्फी प्वाइंट और चरनी डेकोरेशन प्रतियोगिता ने पर्व को यादगार बनाया.
क्रिसमस पर्व के दौरान चर्च में तीन नवजात बच्चों को पवित्र स्नान संस्कार प्रदान किया गया. इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में बच्चों का नामकरण भी किया गया. पिता राजीव कुमार एवं माता प्रियंका कुमारी के पुत्र का नाम प्रियांश यीशु, जॉनसन सीमा के पुत्र का नाम जस्टिन जॉन तथा माता मारिया और पिता अमित कुमार की पुत्री का नाम अनुष्का अमित रखा गया. इस अवसर पर पूरे चर्च में खुशी और आशीर्वाद का माहौल रहा. परिजनों व श्रद्धालुओं ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
ईसा मसीह के गौशाला में जन्म की स्मृति में चर्च परिसर में आकर्षक चरनी बनाई गई. विभिन्न प्रकार की चरनियों पर पल्ली पुरोहित द्वारा विशेष प्रार्थना और आशीर्वाद दिया गया. श्रद्धालुओं ने बालक यीशु का चुम्बन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया. मां मरियम की प्रतिमा और चरनी के समक्ष लोगों ने मोमबत्ती जलाकर शांति व सुख-समृद्धि की कामना की. पूरा वातावरण भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया.
क्रिसमस के पावन अवसर पर चर्च परिसर में सामूहिक नृत्य कर श्रद्धालुओं ने अपनी खुशी व्यक्त की. मेरी क्रिसमस थीम पर बनाए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट पर बच्चों, युवाओं और परिवारों ने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं. दिनभर चर्च में उत्सव जैसा माहौल रहा, जहां लोग हंसी-खुशी के साथ एक-दूसरे को बधाइयां देते नजर आए. रोशनी, सजावट और भक्ति संगीत ने पर्व को और भी खास बना दिया
Add Bharat.one as
Preferred Source on Google
क्रिसमस के उपलक्ष्य में घरों में बेहतर चरनी डेकोरेशन प्रतियोगिता आयोजित की गई. पल्ली पुरोहित द्वारा विजेताओं को सम्मानित किया गया. प्रथम स्थान पवन माइकल कुजूर, द्वितीय स्थान देवनीश एक्का और तृतीय स्थान सुनील दास को मिला. वहीं गांव स्तर पर सुजानापुर से रजनी सिंह को प्रथम, लोकाई से विजय सांगा को द्वितीय और चेचाई से अनिल हांसदा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. इस आयोजन ने समाज में रचनात्मकता और धार्मिक भावना को बढ़ावा दिया.
