Home Lifestyle Health अगर आपको भी अचानक दिखने लगा है धुंधला, तो आंखों की इस...

अगर आपको भी अचानक दिखने लगा है धुंधला, तो आंखों की इस बीमारी का शिकार होने की आशंका, तुरंत कराएं जांच

0
1


कानपुर: आज के दौर में हम देखते हैं कि बच्चे हो, युवा हो या बुजुर्ग, हर कोई ज्यादातर अपना समय मोबाइल फोन, लैपटॉप में गुजार देता है. बच्चों की पढ़ाई से लेकर हमारे काम तक हम लोग डिजिटल दुनिया में फस चुके हैं. हमारा ज्यादातर काम मोबाइल फोन या लैपटॉप में होता है, जिस वजह से कई-कई घंटे हमें लगातार इन पर काम करना पड़ता है. इसका सीधा असर हमारी आंखों पर पड़ रहा है. हमारी आंखें बीमार हो रही हैं. जानिए किस सिंड्रोम के हम लोग शिकार हो रहे हैं और कैसे इस सिंड्रोम से बचा जा सकता है.

मोबाइल, लैपटॉप और टीवी हमारी रोजमर्रा की जरूरत बन चुके हैं. ऑफिस का काम हो, पढ़ाई हो या मनोरंजन, घंटों स्क्रीन देखने की आदत आम हो गई है, लेकिन लगातार स्क्रीन देखने से आंखों पर बुरा असर पड़ता है. इसी से जुड़ी एक समस्या है ‘कंप्यूटर विजन सिंड्रोम’, जिसे डिजिटल आई स्ट्रेन भी कहा जाता है.

यह है कंप्यूटर विजन सिंड्रोम

जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक कंप्यूटर, मोबाइल या टैबलेट की स्क्रीन को देखता है, तो आंखों की मांसपेशियों पर ज्यादा दबाव पड़ता है. आमतौर पर हम एक मिनट में 15 से 20 बार पलकें झपकाते हैं, लेकिन स्क्रीन देखते समय यह संख्या घटकर 5 से 7 बार रह जाती है. पलकें कम झपकने से आंखों में नमी कम हो जाती है, जिससे सूखापन, थकान और जलन शुरू हो जाती है. यही स्थिति कंप्यूटर विजन सिंड्रोम कहलाती है.

यह है इसके मुख्य लक्षण

अगर आपको बार-बार आंखों में जलन या खुजली होती है, आंखें लाल रहती हैं या पानी आता है, तो सावधान हो जाएं. इसके अलावा धुंधला दिखना, आंखों में भारीपन, सिर दर्द, गर्दन और कंधों में दर्द भी इसके संकेत हो सकते हैं. कई लोगों को देर तक स्क्रीन देखने के बाद आंखों में चुभन या दर्द महसूस होता है.

बचाव के आसान और असरदार तरीके

कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज की वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉक्टर शालिनी मोहन ने बताया कि अगर आपका काम स्क्रीन के बिना संभव नहीं है, तो कुछ आसान आदतें अपनाकर आंखों को सुरक्षित रखा जा सकता है. सबसे पहले 20-20-20 रूल अपनाएं. हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड का ब्रेक लें और 20 फीट दूर किसी चीज को देखें. इससे आंखों को आराम मिलता है. काम करते समय पलकें झपकाना न भूलें.

स्क्रीन से आंखों को इतनी दूर रखें

जानबूझकर बार-बार पलकें झपकाने से आंखों में नमी बनी रहती है. स्क्रीन को आंखों से करीब 20 से 25 इंच दूर रखें और उसकी रोशनी कमरे की लाइट के अनुसार सेट करें. बहुत ज्यादा चमक आंखों को नुकसान पहुंचाती है. अगर दिनभर कंप्यूटर पर काम करना पड़ता है, तो डॉक्टर की सलाह से ब्लू कट या एंटी-ग्लेयर चश्मा इस्तेमाल करें.

साथ ही भरपूर पानी पिएं और खाने में गाजर, हरी सब्जियां, पपीता, बादाम और अखरोट जैसी चीजें शामिल करें. अगर आंखों में दर्द, जलन या धुंधलापन लगातार बना रहता है, तो खुद से कोई आई ड्रॉप न डालें. तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच कराएं. समय पर सावधानी बरतने से आंखों की गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है.


.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-suddenly-start-seeing-blurred-vision-darkness-appears-eye-syndrome-disease-local18-10109484.html

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version