Mussoorie Travel Tips : उत्तराखंड का मशहूर हिल स्टेशन मसूरी, जिसे पहाड़ों की रानी कहा जाता है, हर साल लाखों पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है. ठंडी हवा, हरे-भरे पहाड़, बादलों के बीच सड़कें और खूबसूरत नजारे हर किसी का मन मोह लेते हैं. यही वजह है कि गर्मियों की छुट्टियों, वीकेंड और त्योहारों पर मसूरी में भारी भीड़ देखने को मिलती है. कई लोग महीनों पहले ट्रिप की प्लानिंग करते हैं, लेकिन वहां पहुंचने के बाद ट्रैफिक, पार्किंग और महंगे खर्च की वजह से पूरा मूड खराब हो जाता है. आजकल मसूरी में सबसे बड़ी परेशानी ट्रैफिक बन चुकी है. सीजन में तो हालात और भी खराब हो जाते हैं. कई बार लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं, जिससे न घूमने का मजा मिलता है और न ही आराम. पहाड़ी रास्ते होने की वजह से गाड़ी चलाना भी आसान नहीं होता. ढलान पर ट्रैफिक में फंसने पर गाड़ी पीछे सरकने लगती है, जिससे डर बना रहता है. अगर आपने गलत मोड़ ले लिया, तो पतली सड़कों पर गाड़ी घुमाना भी मुश्किल हो जाता है. अगर आप भी मसूरी घूमने का मन बना रही हैं, तो कुछ जरूरी बातों का पहले से ध्यान रखना बहुत जरूरी है. सही प्लानिंग से आप अपना समय और पैसा दोनों बचा सकती हैं. इस आर्टिकल में हम आपको मसूरी यात्रा से जुड़ी 5 अहम सावधानियों के बारे में विस्तार से बता रहे हैं.
1. घूमने का सही समय चुनें
मसूरी में केम्टी वॉटरफॉल्स और मॉल रोड ऐसी जगहें हैं, जहां हमेशा भीड़ रहती है. अगर आप सुबह जल्दी या दोपहर के समय इन जगहों पर जाएंगी, तो भीड़ कम मिलेगी. शाम के वक्त यहां सबसे ज्यादा ट्रैफिक होता है, इसलिए उस समय इन जगहों से बचें.
2. होटल की लोकेशन समझदारी से चुनें
होटल बुक करते समय कोशिश करें कि वह मॉल रोड या किसी बड़े टूरिस्ट स्पॉट से थोड़ी दूरी पर हो. बीच में सही जगह होटल लेने से आप पैदल घूम सकती हैं और बार-बार गाड़ी निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे ट्रैफिक की परेशानी भी नहीं होगी.
3. मॉल रोड पर गाड़ी ले जाने से बचें
अगर आप मॉल रोड जाना चाहती हैं, तो गाड़ी नीचे किसी सुरक्षित जगह पर पार्क कर दें. वहां से पैदल या लोकल साधनों से ऊपर जाएं. मॉल रोड पर पार्किंग की जगह बहुत कम है और ट्रैफिक जल्दी लग जाता है.

4. खाने-पीने का खर्च पहले से प्लान करें
मॉल रोड और टूरिस्ट एरिया के आसपास खाने-पीने की चीजें काफी महंगी मिलती हैं. बेहतर होगा कि आप किसी लोकल जगह या होटल के पास खाना खा लें. अगर आप कार से जा रही हैं, तो पानी, स्नैक्स जैसी छोटी चीजें साथ रखें.
5. आसपास की जगहों को भी ट्रिप में शामिल करें
मसूरी के पास कई खूबसूरत जगहें हैं, जहां भीड़ कम रहती है. आप लंढौर, जॉर्ज एवरेस्ट या आसपास के शांत इलाकों को ट्रिप में शामिल कर सकती हैं. इससे आपको शांति भी मिलेगी और असली पहाड़ी अनुभव भी.
होटल और बजट से जुड़ी जरूरी जानकारी
मसूरी में होटल की कोई कमी नहीं है. अगर आप थोड़ा दूर होटल लें, तो 800 से 1000 रुपये में भी अच्छा कमरा मिल सकता है. टूरिस्ट स्पॉट के बिल्कुल पास होटल लेने से खर्च बढ़ जाता है, इसलिए बजट का ध्यान रखें.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/travel-mussoorie-travel-guide-in-budget-important-tips-to-save-money-and-time-ws-e-10062283.html
