Home Uncategorized इस पूर्णिमा अपनी राशि के अनुसार करें दान, दूर होंगे सब ग्रह...

इस पूर्णिमा अपनी राशि के अनुसार करें दान, दूर होंगे सब ग्रह दोष! हरिद्वार के ज्योतिषी ने बताया उपाय

0
7


हरिद्वार. चैत्र पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व बताया गया है. इस पूर्णिमा पर अगर हरिद्वार हर की पौड़ी ब्रह्मकुंड घाट पर गंगा स्नान किया जाए तो अनेक लाभ मिलते हैं. वैसे ही स्नान के बाद दान करने से ग्रह संबंधित दोष खत्म होने की मान्यता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार कुल 12 राशियां होती हैं, जिन्हें नौ ग्रह प्रभावित करते हैं.

सभी 12 राशियों पर किसी न किसी ग्रह की महादशा या दूसरा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जिससे जातकों के जीवन में कई प्रकार की समस्याएं आती रहती हैं. चैत्र पूर्णिमा हिंदू वर्ष की पहली पूर्णिमा होती है. इस दिन अगर अपनी राशि के अनुसार दान किया जाए तो सभी ग्रह संबंधित दोष खत्म हो जाते हैं और जीवन में खुशहाली का आगमन होता है.

चैत्र पूर्णिमा पर गंगा स्नान के बाद दान करने का महत्व
इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए हरिद्वार के ज्योतिषी पंडित श्रीधर शास्त्री बताते हैं कि अगर चैत्र पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के बाद अपनी राशि के अनुसार दान किया जाए तो सभी नौ ग्रहों की शांति हो जाती है. इस दिन अपनी-अपनी राशि के अनुसार गरीबों, जरूरतमंदों को दान जरूर करना चाहिए. दान करने का महत्व धार्मिक ग्रंथों में बताया गया है.

चैत्र पूर्णिमा के दिन राशि के अनुसार दान

मेष और वृश्चिक राशि: मेष और वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल ग्रह हैं. इन दोनों राशियों के जातकों को चैत्र पूर्णिमा के दिन लाल रंग के वस्त्र, लाल रंग के फूल, फल, सब्जियां, खाने-पीने की वस्तुएं आदि किसी गरीब जरूरतमंद को देने से लाभ मिलेगा. अपनी सामर्थ्य के अनुसार कोई जमीन या संपत्ति धार्मिक कार्यों के लिए दान कर सकते हैं.

वृष और तुला राशि: वृष और तुला राशि के स्वामी शुक्र ग्रह हैं. इन दोनों राशियों के जातकों को चैत्र पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान के बाद किसी गरीब जरूरतमंद को सफेद रंग के वस्त्र, सफेद रंग की वस्तुएं, केला आदि किसी गरीब जरूरतमंद को देने से लाभ होगा.  दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुएं देने से आपके जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहेगी.

मिथुन और कन्या राशि: इन दोनों राशियों के स्वामी बुध ग्रह हैं. इन दोनों राशियों के जातकों को हरे रंग की वस्तुएं दान करने से लाभ मिलेगा. किसी गाय को हरा चारा खिलाने से भी लाभ मिलेगा. हरे रंग के फल, हरे रंग के वस्त्र, पाठ्य सामग्री और राशि रत्न आदि अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान करने पर लाभ मिलेगा.

कर्क राशि: कर्क राशि के स्वामी चंद्र ग्रह हैं. इस राशि के जातकों को सफेद रंग के फल, सफेद रंग के फूल, वस्त्र और सफेद रंग की वस्तुएं दान करने से चंद्र ग्रह कुंडली में मजबूत होकर सकारात्मक फल देंगे. ऐसा होने से जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहेगी.

सिंह राशि: सिंह राशि के स्वामी सूर्य ग्रह हैं. सूर्य ग्रह के निमित्त सिंह राशि के जातकों को लाल और पीले रंग की वस्तुएं दान करनी चाहिए. सिंह राशि के जातक लाल रंग के वस्त्र, लाल रंग की वस्तुएं, लाल रंग की खाद्य सामग्री, ऐसे ही पीले रंग के वस्त्र, पीले रंग की खाद्य सामग्री, चने की दाल आदि चैत्र पूर्णिमा के दिन दान करने से सूर्य ग्रह कुंडली में मजबूत होकर विशेष फल प्रदान करते हैं.

धनु और मीन राशि: इन दोनों राशियों के स्वामी गुरु बृहस्पति ग्रह हैं. इन राशियों के जातकों को चैत्र पूर्णिमा के दिन पीले रंग के वस्त्र, पीले रंग की वस्तुएं, पीले रंग की मिठाई, फल, पपीता, केला, आम, पीले फूल आदि गरीबों और जरूरतमंदों को दान करने से गुरु ग्रह सकारात्मक फल प्रदान करेंगे.

मकर और कुंभ राशि: इन दोनों राशियों के स्वामी शनि ग्रह हैं. चैत्र पूर्णिमा के दिन हरिद्वार हर की पौड़ी ब्रह्मकुंड घाट पर गंगा स्नान करने के बाद काले और नीले रंग के वस्त्र, काली उड़द की दाल, काले तिल, सरसों का तेल, लोहे की वस्तु या लोहे के बर्तन आदि किसी गरीब, जरूरतमंद और भिखारी को देने पर ग्रह संबंधित सभी दोष खत्म हो जाएंगे और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होगा.

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी, राशि-धर्म और शास्त्रों के आधार पर ज्योतिषाचार्य और आचार्यों से बात करके लिखी गई है. किसी भी घटना-दुर्घटना या लाभ-हानि महज संयोग है. ज्योतिषाचार्यों की जानकारी सर्वहित में है. बताई गई किसी भी बात का Bharat.one व्यक्तिगत समर्थन नहीं करता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version