Last Updated:
Shaktipeeth Shri Jwalamukhi Temple: ज्वालामुखी मंदिर के गर्भ गृह में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर अब सख्त जुर्माना लगेगा. मंदिर न्यास ने इस पर प्रतिबंध लगाया है और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है. मंदिर की गरिमा बनाए रखने के लिए…और पढ़ें
कांगड़ा. आज कल जहां भी जाएं वहां लोग फोन का कैमरा ऑन कर के वीडियो बनाते हुए नजर आएंगे. ऐसे में व्यवस्था खराब होती है और बहुत से लोगों को असहज भी महसूस होता है. इसी लिए विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर के गर्भ गृह में फोटो खींचना और वीडियो बनाना मंदिर न्यास ज्वालामुखी ने प्रतिबंधित किया है. बावजूद इसके कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए मंदिर के गर्भ गृह में फोटो खींचते हैं और माता की ज्योति के वीडियो भी बनाते हैं और यहां-वहां भेजते हैं, जिससे मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंच रही है. मंदिर न्यास ज्वालामुखी ने इसका कड़ा संज्ञान लिया है.
शनिवार को मंदिर अधिकारी तहसीलदार मनोहर लाल शर्मा, मंदिर न्यास ज्वालामुखी के उपाध्यक्ष दिव्यांशु भूषण, मंदिर के कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार ने एक बैठक का आयोजन कर इस अहम मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की और निर्णय लिया कि मंदिर के गर्भ गृह में यदि कोई मंदिर न्यास ज्वालामुखी के आदेशों की उल्लंघना करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. दिव्यांशु भूषण दत्त ने कहा कि मंदिर के अंदर फोटोग्राफी पर प्रतिबंध होने पर कुछ लोग उनसे आग्रह करते हैं कि उन्हें मंदिर के अंदर फोटो खींचना और वीडियो बनाने की स्वीकृति प्रदान की जाए, परंतु जिलाधीश कांगड़ा के आदेशों की पालन करना हम सबका दायित्व और कर्तव्य है. मंदिर की आरतियों की वीडियो बनाकर यात्रियों को भेजी जा रही है. सोशल मीडिया पर अपलोड की जा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और मंदिर से जुड़े लोग इस कार्य को अंजाम देने में जुटे हुए हैं, जिस पर मंदिर न्यास ने कड़ा संज्ञान लिया है.
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
मंदिर में इस बारे लाउडस्पीकर से बार-बार अनाउंसमेंट भी की गई है कि मंदिर के अंदर फोटो खींचना और वीडियो बनाना सख्त मना है. मंदिर के बाहर जगह-जगह पर बोर्ड लगाए गए हैं, जिसमें साफ शब्दों में लिखा है कि मंदिर के अंदर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर सख्त पाबंदी है.मंदिर अधिकारी तहसीलदार मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि मंदिर न्यास ने निर्णय लिया है कि मंदिर के गर्भ गृह में किसी प्रकार की फोटो खींचना और वीडियो बनाना सख्त मना है. उल्लंघना करने वालों पर कार्रवाई होगी.
