Home Food सर्दियों में चटपटा स्वाद चाहिए? घर पर इस तरह बनाएं हरी मिर्च...

सर्दियों में चटपटा स्वाद चाहिए? घर पर इस तरह बनाएं हरी मिर्च का भरवा अचार, सालों तक नहीं होगा खराब – Uttar Pradesh News

0
1


Stuffed Chilli Pickle: सर्दी का मौसम आते ही खाने-पीने का अंदाज भी बदल जाता है. इस मौसम में लोग घर पर चटपटा और स्वाद से भरपूर खाने का आनंद लेना पसंद करते हैं. खासतौर पर उत्तर भारत में अचार के बिना खाना अधूरा माना जाता है. चाहे आम का अचार हो, कटहल का अचार या फिर लहसुन का अचार, थाली में अचार जरूर रखा जाता है. इन्हीं में एक खास और चटपटा अचार है हरी मिर्च का भरवा अचार, जिसे लोग बड़े चाव से खाते हैं. अच्छी बात यह है कि यह अचार घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और इसे तैयार करने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है.

भरवा अचार के लिए सामग्री
एक्सपर्ट उर्मिला बताती हैं कि हरी मिर्च का भरवा अचार बनाने के लिए कुछ खास मसालों का सही अनुपात में इस्तेमाल करना जरूरी होता है. इसमें सौंफ, मंगरैल, हल्दी, मेथी, सूखी लाल मिर्च, जीरा, अजवाइन और हींग का प्रयोग किया जाता है. इन सभी मसालों को हल्का दरदरा पीस लिया जाता है और आपस में अच्छी तरह मिला लिया जाता है. इसके साथ ही सूखी राई भी डाली जाती है, जिससे अचार का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.

हरी मिर्च का अचार बनाने की रेसिपी
हरी मिर्च का भरवा अचार बनाने के लिए सबसे पहले ताजी और मोटी हरी मिर्च लें, उन्हें अच्छी तरह धोकर कपड़े से पोंछ लें ताकि उनमें नमी न रहे. इसके बाद मिर्च में बीच से हल्का सा चीरा लगाएं या डंठल निकालकर अंदर छेद कर लें. अब सौंफ, मंगरैल, मेथी, सूखी लाल मिर्च, जीरा, अजवाइन, हल्दी और हींग को हल्का दरदरा पीसकर उसमें सूखी राई और नमक मिलाएं.
इस तैयार मसाले को हर मिर्च के अंदर अच्छे से भर दें. अब एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें, जब तेल से हल्का धुआं उठने लगे तो गैस बंद कर दें और तेल ठंडा होने दें.

इसके बाद भरी हुई मिर्च को किसी साफ कांच के जार में डालें और ऊपर से ठंडा किया हुआ तेल डालकर मिर्च को पूरी तरह ढक दें. जार को अच्छे से बंद कर दें और 4 से 5 दिन तक रोज थोड़ी देर धूप में रखें. इस दौरान जार को हल्का हिलाते रहें ताकि मसाले अच्छे से मिल जाएं. कुछ दिनों में स्वादिष्ट हरी मिर्च का भरवा अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा.

सही तरीके से रखें तो सालों तक चलेगा अचार
अगर भरवा अचार को सही तरीके से रखा जाए तो यह सालों तक खराब नहीं होता है. इसके लिए अचार को कांच के जार में भरकर अच्छी तरह बंद कर देना चाहिए. अगर प्लास्टिक के डिब्बे का इस्तेमाल कर रहे हैं तो ध्यान रखें कि वह पूरी तरह एयर टाइट हो, ताकि हवा अंदर न जा सके. इसके अलावा अचार को बीच-बीच में धूप में रखने से भी उसकी शेल्फ लाइफ बढ़ जाती है और स्वाद बना रहता है.

जानिए कितनी आती है लागत
अगर आप घर पर हरी मिर्च का भरवा अचार बनाते हैं तो इसकी लागत लगभग 150 रुपये प्रति किलो आती है. वहीं बाजार में यही अचार 350 से 400 रुपये प्रति किलो तक बिकता है. घर पर बना अचार न सिर्फ स्वाद में बेहतर होता है बल्कि सेहत के लिए भी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. यही वजह है कि सर्दियों में लोग घर का बना भरवा अचार खाना ज्यादा पसंद करते हैं.


.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-bharwa-hari-mirch-achar-recipe-winter-special-homemade-pickle-local18-10023768.html

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version