बूंदी की मिठाई बनाने की सामग्री
-1 कप बेसन
-1 कप पानी
-2 कप चीनी
-1/2 चम्मच इलायची पाउडर
-एक चुटकी केसर
-1/4 चम्मच बेकिंग सोडा
-तलने के लिए तेल
बेसन का घोल तैयार करें
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन लें. इसमें 1 चम्मच तेल डालें और फिर धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए लगातार एक ही दिशा में फेंटें. घोल ऐसा होना चाहिए जिसमें कोई गांठ न रहे और वह न तो बहुत पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा. ध्यान रखें कि घोल पकौड़े के घोल से थोड़ा पतला होना चाहिए. घोल को कम से कम 15 मिनट तक फेंटें, ताकि यह हल्का और फूला हुआ बन जाए. आखिर में इसमें बेकिंग सोडा डालकर अच्छे से मिला दें.
अब एक पैन में 2 कप पानी और 2 कप चीनी डालकर गैस पर रखें. जब पानी उबलने लगे और चीनी पूरी तरह घुल जाए, तब इसमें इलायची पाउडर और केसर डालें. गैस की आंच धीमी कर दें और चाशनी को थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाएं. चाशनी चेक करने के लिए एक बूंद उंगली और अंगूठे के बीच लें, अगर हल्का चिपचिपापन महसूस हो तो समझिए कि यह तैयार है.
बूंदी तलना
बूंदी बनाने के लिए छेद वाला झारा या ग्रेटर लें और उसे गरम तेल के ठीक ऊपर रखें. अब एक करछी से घोल डालें और धीरे-धीरे हिलाते हुए बूंदों को तेल में गिरने दें. ध्यान रखें कि आंच धीमी से मध्यम हो, वरना बूंदी जल सकती है. जब बूंदी हल्की सुनहरी हो जाए तो उसे तुरंत निकाल लें. याद रखें, बूंदी को ज्यादा कुरकुरा नहीं करना है, क्योंकि चाशनी में डालने के बाद वह और सॉफ्ट हो जाएगी.
तली हुई बूंदी को तुरंत गुनगुनी चाशनी में डाल दें. इसी तरह बाकी घोल से भी बूंदी बनाते जाएं और चाशनी में डालते जाएं. सब बूंदी डालने के बाद बर्तन को ढक दें और 20-25 मिनट तक ऐसे ही रहने दें. इस समय में बूंदी चाशनी सोखकर और भी नरम, रसीली और मीठी हो जाएगी.

अगर आप चाहें तो इस बूंदी से लड्डू भी बना सकते हैं. जब बूंदी चाशनी अच्छे से सोख ले और थोड़ी ठंडी हो जाए, तो हाथों में हल्का सा घी लगाकर गोल-गोल लड्डू बना लें. इन्हें किसी भी त्योहार या पूजा में इस्तेमाल किया जा सकता है.
खास टिप्स
1. घोल को ज्यादा गाढ़ा न रखें, वरना बूंदी गोल नहीं बनेगी.
2. तेल का तापमान मध्यम होना चाहिए, बहुत गरम तेल में बूंदी जल जाएगी और ठंडे तेल में चिपक सकती है.
3. बूंदी को निकालकर तुरंत ही चाशनी में डालें, वरना वह सूख जाएगी.
4. चाहें तो चाशनी में कुछ बूंद गुलाब जल या केवड़ा जल भी डाल सकते हैं, इससे स्वाद और खुशबू बढ़ जाएगी.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-how-to-make-perfect-boondi-at-home-try-this-simple-and-tasty-recipe-ws-e-9606005.html