Agency:Bharat.one Uttarakhand
Last Updated:
Valentine Day Celebration Ideas 2025 : वैलेंटाइन डे वीक की शुरुआत हो चुकी है. ऐसे में हर कोई अपने पार्टनर के साथ समय बिताकर इसे खास बनाने का प्लान बना रहा है. लेकिन ट्रिप प्लानिंग के दौरान सबसे बड़ा टास्क होता …और पढ़ें
वेलेंटाइन डे के मौके पर सरोवर नगरी के खूबसूरत पर्यटक स्थलों का दीदार कर सकते हैं
हाइलाइट्स
- नैनीताल में वैलेंटाइन डे के लिए कई रोमांटिक स्थल हैं.
- लवर्स प्वाइंट पर सूर्योदय और सूर्यास्त का आनंद लें.
- नैनीझील में नौकायन और स्नो व्यू पॉइंट पर एडवेंचर स्पोर्ट्स करें.
नैनीताल. अगर आप इस वैलेंटाइन डे(Valentine’s Day) को खास और यादगार बनाना चाहते हैं, तो उत्तराखंड का नैनीताल आपके लिए एक बेस्ट ऑप्शन बन सकता है. ‘झीलों की नगरी’ नैनीताल न सिर्फ अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है, बल्कि यहां की शांत वादियां, मनमोहक झीलें और हसीन नज़ारे आपके रोमांटिक पलों को और भी खास बना सकते हैं. अगर आप अपने पार्टनर के साथ वैलेंटाइन डे को दिलकश और यादगार बनाना चाहते हैं, तो नैनीताल की इन जगहों में आकर अपने प्यार का इजहार कर सकते हैं. ये जगहें है. नैनीझील में नौकायन, स्नो व्यू पॉइंट, हिमालय दर्शन, खुर्पाताल, नैनीताल की माल रोड.
नैनीताल के स्थानीय निवासी और यूट्यूबर दिनेश भोटिया ने कहा कि इन दिनों नैनीताल का मौसम ठंडा और खुशनुमा बना हुआ है. नगर में पर्यटकों की काफी भीड़ है. वैलेंटाइन वीक चल रहा है ऐसे में काफी कपल्स भी नैनीताल घूमने आ रहे हैं. वैलेंटाइन डे के मौके पर आप नैनीताल के खुशनुमा मौसम और शांत वादियों का दीदार कर सकते हैं. नैनीताल के आसपास कई बेहद सुंदर पर्यटक स्थल हैं, जहां आकर आप इस बार के वैलेंटाइन डे को और भी ज्यादा यादगार बना सकते हैं.
लवर्स प्वाइंट : नैनीताल शहर से 3 किमी की दूरी पर कालाढूंगी रोड पर लवर्स प्वाइंट स्थित है. बेहद ही खूबसूरत इस प्वाइंट पर आकर आप सुबह और शाम के समय सूर्योदय और सूर्यास्त के खूबसूरत नजारों को देख सकते हैं. साथ ही सूर्योदय के समय तराई से लेकर पहाड़ तक पड़ने वाली सूरज की पहली किरणों की खूबसूरत छटा का आनंद भी ले सकते हैं. यहां आकर आप नैनीताल के एकमात्र घोड़ा स्टैंड से घुड़सवारी का भी आनंद ले सकते हैं.
केव गार्डन : नैनीताल के सूखाताल में ईको केव गार्डन स्थित है. यहां आकर आप कई तरह की गुफाओं के भीतर जाने का आनंद ले सकते हैं. यहां के गुफाओं का नाम जंगली जानवरों के नाम पर रखे गए हैं. नैनीताल आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद नैनीताल का केव गार्डन है. यहां आपको कई तरह के एडवेंचर स्पोर्ट्स के साथ ही यहां के रेस्टोरेंट में लजीज भोजन मिल जाएगा. इस गार्डन में वयस्कों के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये और बच्चों के लिए 60 रुपये निर्धारित है.
हिमालय दर्शन : नैनीताल जिला मुख्यालय से लगभग 4 किमी की दूरी पर पंगोट मार्ग पर स्थित हिमालय दर्शन स्पॉट है. यहां से आप संपूर्ण हिमालय (कुमाऊं और गढ़वाल हिमालय) की 365 किमी में फैली बर्फ से ढकी सुंदर रेंज का दीदार कर सकते हैं. हिमालय दर्शन से आप उत्तराखंड की सबसे ऊंची और भारत को दूसरी सबसे ऊंची चोटी नंदा देवी पर्वत के साथ साथ नंदा कोट, अन्नपूर्णा, शिवालिक रेंज, ग्रेटर हिमालय, हाथी पर्वत, माउंट त्रिशूल, गौरी पर्वत, नंदा खाट, नंदा देवी ईस्ट, पंचाचुली, कामेट, मैक टोली, नीलकंठ समेत नेपाल हिमालय को भी यहां लगी दूरबीन की मदद से काफी करीब से देख सकते हैं.
टिफिन टॉप : टिफिन टॉप नैनीताल का प्रमुख पर्यटक स्थल है, जो नैनीताल की अयारपाट पहाड़ी पर स्थित है. बेहद खूबसूरत ट्रैक के बाद आप यहां तक पहुंच सकते हैं. यहां से दिखने वाला नैनीताल का खूबसूरत नजारा दिल को सुकून प्रदान करता है. इस जगह को एक अन्य नाम ‘डोरोथी सीट’ के नाम से भी जाना जाता है. टिफिन टॉप नैनीताल शहर से लगभग पांच किमी की ऊंचाई पर स्थित है. यहां तक घुड़सवारी करते हुए भी पहुंच सकते हैं.
स्नो व्यू प्वाइंट : नैनीताल की शेर का डंडा पहाड़ी पर स्नो व्यू प्वाइंट स्थित है. यहां तक रोप-वे से या फिर आप टैक्सी या बाइक से भी पहुंच सकते हैं. आप मल्लीताल बाजार से सीधा पैदल ट्रैक करके भी इस प्वाइंट तक पहुंच सकते हैं. यहां आकर आप माउंटेन मैजिक एडवेंचर पार्क में कई तरह के एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकते हैं, जिसमें जिप लाइन, टावर 360, स्काई साइक्लिंग प्रमुख हैं. पहाड़ की चोटी में स्थित होने के कारण यहां से हिमालय के सुंदर नजारों का दीदार कर सकते हैं. यह नैनीताल के प्रमुख पर्यटक स्थलों में से एक है.
खुर्पाताल : नैनीताल से 12 किमी की दूरी पर स्थित खूबसूरत पहाड़ियों से घिरा खुर्पाताल एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है. खुर्पाताल झील को रंग बदलने वाली झील के नाम से भी जाना जाता है, जो साल में कई बार अपने पानी का रंग बदलती रहती है. नैनीताल निवासी डॉ. सुरेश डालाकोटी ने Bharat.one को बताया कि झील के पानी का रंग बदलने की वजह झील के भीतर मौजूद कई तरह के शैवाल यानी एल्गी हैं. जब एल्गी बीज छोड़ती है, तब सूरज की रोशनी पड़ने पर इसमें अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं.
Nainital,Uttarakhand
February 13, 2025, 12:55 IST
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/travel-valentine-day-2025-best-6-places-to-propose-your-crush-on-valentine-day-nainital-location-local18-9029320.html
