फुलेरा दूज 2026 तारीख
पंचांग के अनुसार, फुलेरा दूज के लिए जरूरी फाल्गुन शुक्ल द्वितीया तिथि का प्रारंभ 18 फरवरी दिन बुधवार को शाम में 4 बजकर 57 मिनट पर होगा . इस तिथि का समापन 19 फरवरी दिन गुरुवार को दोपहर में 3 बजकर 58 मिनट पर होगा. ऐसे में उदयातिथि के आधार पर फुलेरा दूज 19 फरवरी गुरुवार को है.
2 शुभ योग में फुलेरा दूज
फुलेरा दूज के अवसर पर 2 शुभ योग बनने वाले हैं. उस दिन सिद्ध योग और साध्य योग का निर्माण होगा. सिद्ध योग प्रात:काल से प्रारंभ होकर रात 08 बजकर 42 मिनट तक रहेगा. उसके बाद से साध्य योग प्रारंभ होगा, जो अगले दिन तक रहेगा.
फुलेरा दूज के दिन पूर्व भाद्रपद नक्षत्र है, जो प्रात:काल से लेकर रात 8 बजकर 52 मिनट तक है. उसके बाद से उत्तर भाद्रपद नक्षत्र है.
फुलेरा दूज मुहूर्त
फुलेरा दूज वाले दिन ब्रह्म मुहूर्त 05:14 ए एम से 06:05 ए एम तक रहेगा. यह समय स्नान के लिए उत्तम माना गया है. वहीं दिन का शुभ समय यानि अभिजीत मुहूर्त दोपहर में 12 बजकर 12 मिनट से दोपहर 12 बजकर 58 मिनट तक है. निशिता मुहूर्त देर रात 12:09 ए एम से लेकर 01:00 ए एम तक रहेगा.
फुलेरा दूज पर अग्नि पंचक
इस साल के फुलेरा दूज पर पूरे दिन अग्नि पंचक रहेगा. यह पंचक मंगलवार को शुरू होगा और पूरे 5 दिन तक रहेगा. इस पंचक में अग्नि से भय रहता है. ऐसे में आपको आग से सावधान रहना चाहिए.
फुलेरा दूज का महत्व
फुलेरा दूज के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के साथ फूलों की होली खेलने की परंपरा है. इसके लिए कई तरह के सुगंधित फूल लाए जाते हैं. यदि आपको कोई शुभ कार्य करना है और मुहूर्त नहीं मिल रहा है तो आप फुलेरा दूज पर कर सकते हैं. प्रेम विवाह के योग के लिए फुलेरा दूज पर उपाय कर सकते हैं. वैवाहिक जीवन की सफलता के लिए भी ज्योतिष उपाय करते हैं.
