Fluffy Rice Tricks: घर पर चावल बनाना आसान काम लगता है, लेकिन सच ये है कि परफेक्ट, खिले-खिले और दानेदार चावल बनाना हर किसी के बस की बात नहीं होती. ज्यादातर लोग यही कहते मिलते हैं कि कुकर में चावल या तो गीले हो जाते हैं, या नीचे से चिपक जाते हैं, या फिर दाने टूट जाते हैं. खासकर जब लोग रेस्टोरेंट जैसा जीरा राइस घर पर बनाने की कोशिश करते हैं, तब फर्क साफ दिखता है. होटल के चावल लंबे, अलग-अलग और खुशबूदार होते हैं, जबकि घर के चावल अक्सर चिपचिपे हो जाते हैं. इस परेशानी की वजह कोई बड़ी कुकिंग डिग्री की कमी नहीं, बल्कि छोटी-छोटी गलतियां हैं जो हम रोज कर देते हैं.
शेफ प्रतीक ने इसी मुद्दे पर एक बेहद सिंपल तरीका बताया है, जिसे फॉलो करके कोई भी इंसान कुकर में शानदार चावल बना सकता है. इसमें चावल धोने का सही तरीका, भिगोने का समय, पानी की सही मात्रा और एक खास चीज डालने का ट्रिक शामिल है. बस ये स्टेप सही कर लिए, तो कुकर में भी रेस्टोरेंट जैसा रिजल्ट मिलेगा.
क्यों चिपक जाते हैं चावल? असली वजह समझिए
चावल के दानों में स्टार्च होता है. यही स्टार्च पकने के बाद चावल को चिपचिपा बनाता है. जब हम चावल बिना ठीक से धोए सीधे पका देते हैं, तो ऊपर जमा स्टार्च गर्म पानी में घुलकर दानों को आपस में चिपका देता है. यही कारण है कि चावल गीले और लसलसे लगते हैं.
सबसे पहला स्टेप -चावल को सही तरीके से धोना
अच्छे चावल की शुरुआत धुलाई से होती है. चावल को कम से कम 2–3 बार पानी से धोएं. हर बार पानी सफेद दिखेगा, क्योंकि स्टार्च निकल रहा होता है. जब पानी काफी साफ दिखने लगे, समझिए धुलाई ठीक हुई. यही स्टेप चावल को दानेदार बनाने की नींव है.
भिगोना क्यों जरूरी है?
धोने के बाद चावल को सीधे कुकर में डाल देना बड़ी गलती है. उन्हें करीब 15 मिनट पानी में भिगोकर रखें. इससे दाने पानी सोख लेते हैं और पकते समय अच्छे से फूलते हैं. नतीजा -चावल लंबा बनता है, टूटता नहीं और टेक्सचर बढ़िया रहता है.

रेस्टोरेंट वाला स्वाद -एक चम्मच घी का कमाल
शेफ प्रतीक का खास टिप यही है. कुकर में चावल डालने से पहले एक चम्मच देसी घी गर्म करें. इसमें थोड़ा जीरा डालें. जीरा चटकते ही खुशबू फैलती है, जो रेस्टोरेंट वाले जीरा राइस जैसा स्वाद देती है. घी सिर्फ स्वाद नहीं बढ़ाता, बल्कि दानों के ऊपर हल्की परत बना देता है, जिससे वे आपस में चिपकते नहीं. यही छोटा सा बदलाव चावल का पूरा गेम बदल देता है.
पानी का सही अंदाज
सबसे ज्यादा गड़बड़ यहीं होती है. ज्यादा पानी-गीले चावल. कम पानी-कड़े चावल. आसान तरीका ये है कि चावल डालने के बाद पानी इतना डालें कि चावल बस डूब जाएं. पानी का स्तर चावल से थोड़ा ही ऊपर हो. यही बैलेंस सही टेक्सचर देता है.
प्रेशर कुकर की बड़ी गलती जो लोग करते हैं
कई लोग सीटी आते ही तुरंत कुकर का प्रेशर निकाल देते हैं. ये गलत है. भाप के अंदर चावल अपना आखिरी पकाव पूरा करते हैं. अगर आप तुरंत ढक्कन खोल देंगे, तो दाने अंदर से ठीक से सेट नहीं होंगे. सही तरीका -तेज आंच पर 2 सीटी आने दें. फिर गैस बंद करें और कुकर को अपने आप ठंडा होने दें. प्रेशर खुद निकले, तब खोलें.
छोटे टिप्स, बड़ा फर्क
-चावल चलाते वक्त ज्यादा चम्मच न घुमाएं, वरना दाने टूटेंगे
-पके चावल को 5 मिनट खुला रहने दें, फिर हल्के हाथ से फुलाएं
-बासमती चावल इस्तेमाल करेंगे तो रिजल्ट और अच्छा मिलेगा
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-how-to-cook-fluffy-rice-in-pressure-cooker-chef-secret-tricks-janiye-ws-ekl-10129719.html
