चटपटे नाचोज खाते ही दिल खुश हो जाता है. त्रिकोण आकार के चिप्स जैसे दिखने वाले नाचोज को चीज, वेजिटेबल और कई तरह की सॉस के साथ परोसे जाता है जिसे बच्चे से बड़ा, हर कोई खाना पसंद करता है. नाचोज इतने लोकप्रिय हो गए हैं कि अब भारत के छोटे शहरों और कस्बों में भी इसे शौक से खाया जा रहा है. नाचोज का जन्म मैक्सिको में हुआ. इसकी कहानी बहुत दिलचस्प है. 6 नवंबर को हर साल National Nachos Day मनाया जाता है.
मक्के से बनते हैं नाचोज
नाचोज मक्के के आटे से बनते हैं. यह टोरटिला चिप्स कहलाते हैं. इसे जलापेनो, ऑलिव्य, चीज और सालसा से कवर करके तैयार किया जाता है. यह एक एपिटाइजर है. एपिटाइजर का मतलब है वह डिश जो लंच या डिनर से पहले खाई जाती है. इसकी क्वान्टिटी कम होती है. नाचोज की खास बात यह है कि इसे किसी भी टॉपिंग के साथ मिक्स एंड मैच करके बनाया जा सकता है.
81 साल पहले बनी यह डिश
1943 की बात है. मैक्सिको के पाइद्राज नेगरस में विक्ट्री क्लब नाम से एक रेस्टोरेंट था जिसे मैक्सिकन शेफ इन्ग्राचिओ अनाया चलाते थे. यह रेस्टोरेंट अमेरिका के टेक्सास के बॉर्डर पर था. एक बार अमेरिकन आर्मी के ऑफिसर्स की पत्नियां यूएस आर्मी बेस फार्ट डंकन में ठहरी हुई थीं. वह शॉपिंग करने पाइद्राज नेगरस आई थीं. उन्हें भूख लगी तो वह विक्ट्री क्लब पहुंच गईं. जिस समय वह रेस्टोरेंट में पहुंचीं तो अनाया के पास खाना खत्म हो चुका था, लेकिन वह यह बात अपने कस्टमर को नहीं बता सकते थे. उनके पास कुछ मक्के की रोटियां बची हुई थीं. इन्ग्राचिओ अनाया ने उन्हें जल्दी से ट्राईगल शेप में काटा और फ्राई कर लिया. उसके बाद इन पर चीज और जलापिनो डालकर सर्व किया तो आर्मी ऑफिसर्स की पत्नियां खुश हो गईं. उन्हें यह डिश बहुत टेस्टी लग रही थी. जब उन्होंने इसका नाम पूछा तो इन्ग्राचिओ अनाया के मुंह से मजाक में ‘नाचोज’ निकला. तब से नाचोज मैक्सिको और अमेरिका में फेमस हो गए. इन्ग्राचिओ अनाया ने बाद में अपना नाचोज नाम से रेस्टोरेंट भी खोला और अपनी रेसिपी को 1954 में सेंट एन्ने कुकबुक में शेयर किया.
2022 में लॉस एंजेलिस में 2209 किलो का सबसे भारी नाचोज बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया (Image-Canva)
फुटबॉल मैच ने नाचोज को किया दुनियाभर में पॉपुलर
1976 में रिकोज प्रोडक्ट्स नाम की फूड कंपनी के मालिक फ्रैंक लिबर्टो ने नाचोज को मॉडिफाई कर उसे चीज सॉस के साथ बाजार में उतारा. उस समय टेक्सेस में बास्केटबॉल गेम्स चल रहे थे. उसे पॉपुलर बनाने के लिए नाचोज के इस वर्जन को ‘बॉलपार्क नाचोज’ नाम दिया गया. लेकिन इसे दुनियाभर में लोकप्रियता 1978 में हुए एक फुटबॉल मैच से मिली. मैच के प्रसारण के दौरान जाने-माने स्पोर्ट्स कमेंटेटर हॉवर्ड कॉसेल ने कमेंट्री के दौरान नाचोज का जिक्र किया और कहा कि नाचोज खाकर मजा आ गया. इसके बाद यह डिश तेजी से मशहूर हो गई. जिसने इसे खाया भी नहीं था, वह भी इसे ट्राई करना चाहता था.
क्या नाचोज और चिप्स एक हैं?
कई लोग नाचोज को चिप्स समझते हैं. नाचोज भले ही चिप्स जैसे दिखते हैं लेकिन यह उससे कई मायनों में अलग होते हैं. नाचोज टोरटिला चिप्स ही होते हैं जो मक्के से बनते हैं लेकिन इसे कभी अकेला नहीं खाया जाता. इसमें चीज, सॉस, अलग-अलग तरह की सब्जियां हमेशा मिक्स होती हैं. इसे हमेशा डिप के चीज साथ के खाया जाता. जबकि चिप्स हमेशा अकेले खाए जाते हैं. उसमें दूसरी सामग्री नहीं मिलाई जाती.
कई तरह के नाचोज
शेफ जुगेश अरोड़ा कहते हैं कि नाचोज को हमेशा उसकी टॉपिंग अलग बनाती है. दुनियाभर में लोडेड नाचोज खूब पसंद किए जाते हैं. इसमें चिकन, रीफ्राइड बींस, टमाटर, प्याज, ब्लैक ऑलिव्स और क्रीम डाली जाती है. इसी तरह सुप्रीम नाचोज को भी कई तरह की टॉपिंग से मिक्स किया जाता है. समु्द्री इलाकों में सीफूड नाचोज खाए जाते हैं जिसे केकड़ों, झींगे, मछली या शेलफिश के साथ क्रीमी चीज सॉस के साथ परोसा जाता है. जो लोग सैलिड पसंद करते हैं, वह इन्हें कई तरह की सब्जियों और सॉस की ड्रेसिंग के साथ सलाद के तौर पर भी खाते हैं.
मैक्सिकन स्टाइल में बने 28 ग्राम नाचोज में 110 कैलोरी होती हैं (Image-Canva)
मीठे भी होते हैं नाचोज
कुछ देशों में नाचोज को मिठाई के रूप में भी खाया जाता है. इस पर चीनी और दालचीनी का पाउडर डालकर स्वीट की तरह पसोसा जाता है. शेफ जुगेश अरोड़ा के अनुसार मीठे नाचोज को चॉकलेट सॉस, कैरेमल, व्हिप्पड क्रीम और फलों के साथ डेजर्ट के तौर पर सर्व किया जाता है. हवाई में नाचोज को पाइनएप्पल के साथ दिया जाता है. इसे पाइनएप्पल नाचोज कहा जाता है.
वजन कम करने के लिए बेहतरीन
नाचोज की कैलोरीज उसकी टॉपिंग पर निर्भर होती है. नाचोज चिप्स मक्के की रोटी से बने होते हैं. बिना टॉपिंग के इसके हर पीस में 15 कैलोरी होती हैं. अगर इन्हें बेक किया जाए तो यह 6 कैलोरीज का होता है. नाचोज सोडियम और कैल्शियम से भरपूर होता है. अगर इसे फैटा चीज और वेजिटेबल्स के साथ खाया जाए तो यह वजन कम करने के लिए अच्छा ऑप्शन है. लेकिन याद रहे इसमें कभी क्रीम, सॉस या दूसरे फैटी चीज ना डाले. हाई प्रोटीन के लिए इसमें पनीर या अंकुरित मूंग या चना डाला जा सकता है. इसके अलावा नाचोज को सूप में भी डाला जा सकता है. इससे सूप टेस्टी और क्रंची बन जाएगा.
FIRST PUBLISHED : November 6, 2024, 14:45 IST
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-how-mexican-dish-nachos-was-created-how-it-become-popular-in-world-8817014.html
