Last Updated:
Soyabean Biryani Recipe: सोयाबीन बिरयानी न केवल स्वाद में लाजवाब होती है बल्कि प्रोटीन का भी अच्छा सोर्स होती है. इस त्योहार घर पर मेहमानों को ये खास स्वाद परोसें और जमकर तारीफ लूटें. इसकी ईजी रेसिपी यहां से चेक की जा सकती है.
अगर आप शाकाहारी हैं और प्रोटीन से भरपूर स्वादिष्ट व्यंजन की तलाश में हैं, तो सोयाबीन बिरयानी आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है. सोयाबीन को प्रोटीन का हब कहा जाता है और जब इसे बिरयानी में मिलाया जाता है, तो इसका स्वाद और पौष्टिकता दोनों कई गुना बढ़ जाते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि.
सोयाबीन बिरयानी बनाने के लिए बासमती चावल की जरूरत होगी, जो लंबे और सुगंधित होने के कारण बिरयानी का स्वाद बढ़ाते हैं. इसके अलावा एक कप सोयाबीन बड़ी चाहिए, जिन्हें प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है. स्वाद और टेक्सचर लाने के लिए दही, प्याज, टमाटर और अदरक-लहसुन पेस्ट का इस्तेमाल किया जाता है.
हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और बिरयानी मसाला इसमें खास स्वाद भरते हैं. हरी मिर्च, धनिया और पुदीना इसे ताजगी और खुशबू देते हैं. घी या तेल पकाने के लिए उपयोग किया जाता है और तेजपत्ता, दालचीनी, इलायची और लौंग जैसे साबुत मसाले बिरयानी की असली खुशबू को निखारते हैं.
सबसे पहले सोयाबीन बड़ी को गुनगुने पानी में लगभग पंद्रह मिनट तक भिगो दें. जब यह नरम हो जाएं तो इन्हें दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल दें. इसके बाद हल्के नमक वाले पानी में पांच मिनट उबाल लें. ऐसा करने से इनका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है और यह बिरयानी के मसाले में आसानी से घुल जाते हैं.
बासमती चावल को धोकर कुछ देर भिगो दें. फिर एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और उसमें तेजपत्ता, दालचीनी, इलायची और लौंग डाल दें. अब इसमें चावल डालें और इसे लगभग सत्तर प्रतिशत तक पकाएं. ध्यान रखें कि चावल पूरी तरह से न गलें, क्योंकि इन्हें बाद में दम पर पकाया जाएगा. पकने के बाद चावल को छानकर अलग रख लें.
अब एक कढ़ाई में घी या तेल गरम करें और उसमें प्याज डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर भूनें और फिर टमाटर डालकर मसाले को अच्छे से पकाएं. जब मसाला तैयार हो जाए तो इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और बिरयानी मसाला डालें. अब इसमें दही, उबले हुई सोयाबीन बड़ी, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छे से मिला लें.
बिरयानी दम देने के लिए एक भारी तले वाले बर्तन में सबसे पहले चावल की एक परत बिछाएं. फिर उसके ऊपर सोयाबीन वाला मसाला डालें और उस पर पुदीना और हरा धनिया छिड़क दें. इसी तरह परत-दर-परत चावल और मसाले लगाते रहें. ढक्कन बंद करके धीमी आंच पर दस से बारह मिनट तक दम दें, ताकि मसाले की खुशबू चावल में अच्छे से समा जाए.
दम पर तैयार होने के बाद सोयाबीन बिरयानी को धीरे-धीरे मिलाएं और इसे रायते, सलाद या पापड़ के साथ गर्मागर्म परोसें. इसका स्वाद परिवार और मेहमानों दोनों को पसंद आएगा. इसकी खासियत इसका स्वाद तो है ही साथ ही प्रोटीन कंटेंट भी है. इसमें भर-भरकर प्रोटीन होता है, जो सेहत के लिए भी बढ़िया माना जाता है.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-soyabean-biryani-recipe-protein-rich-delicious-dish-festival-feast-local18-ws-l-9685261.html
